कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज पंजाब के दौरे पर हैं। वह सुबह करीब 9.30 बजे अमृतसर एयरपोर्ट पहुँचे। इसके बाद वह घोनेवाल गाँव के लिए रवाना हुए। यहाँ उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जलमग्न फसलों और टूटे हुए घरों को देखा। यहाँ उन्होंने गुरुद्वारा बीड़ बाबा बुड्ढा साहिब में माथा भी टेका।
इसके बाद वह गुरदासपुर के गुरचक गाँव पहुँचे। यहाँ वह उस जगह पहुँचे जहाँ बाँध टूटने से खेत और घर जलमग्न हो गए थे। उन्होंने किसानों से मुलाकात की। इसके बाद वह ट्रैक्टर पर सवार होकर आधा किलोमीटर दूर खड़ी अपनी कार तक पहुँचे। इससे पहले वह पैदल आए थे।
इस दौरान उन्होंने मीडिया से कोई बात नहीं की। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग और विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा भी राहुल गांधी के साथ मौजूद हैं।
बाढ़ से 23 जिलों के 2 हज़ार 97 गाँव प्रभावित हुए हैं। लगभग 1 लाख 91 हज़ार 926 हेक्टेयर में फसलें जलमग्न हो गईं। 15 जिलों में 52 लोगों की मौत हो गई है।
5 दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंजाब के दौरे पर आए थे। हालात को देखते हुए उन्होंने पंजाब को 1600 करोड़ रुपये देने का ऐलान किया था। पंजाब की मान सरकार ने इसे नाकाफी बताया था।
