कश्मीर में ठंड का प्रकोप जारी… कई जगहों पर पारा शून्य से भी नीचे

कश्मीर घाटी में बीती रात पारा शून्य से कई डिग्री नीचे जाने के कारण ठंड का प्रकोप जारी है। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में शनिवार रात को पारा शून्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि एक रात पहले पारा शून्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था।

अधिकारियों ने आगे बताया कि बारामूला जिले में प्रसिद्ध पर्यटक स्थल गुलमर्ग में पारा शून्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने कहा कि सामान्य रूप से बादल छाए रहेंगे लेकिन मौसम 16 दिसंबर तक मुख्यत: शुष्क रहेगा। उसने रात के तापमान में कुछ डिग्री की गिरावट का अनुमान जताया है।