Advertisement
रंगों का त्योहार होली पूरे देश में उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। मंदिरों, घरों और सार्वजनिक स्थलों पर लोग एक-दूसरे को गुलाल लगाकर बधाई दे रहे हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी हैं।
दिल्ली की मुख्यमंत्री ने दिया संदेश
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी राजधानी के लोगों को होली की बधाई दी। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि यह पावन पर्व लोगों के जीवन को सुख, शांति और समृद्धि के रंगों से भर दे। साथ ही समाज में प्रेम, विश्वास और सद्भाव को और मजबूत करे।
वसंत के स्वागत का पर्व
होली को वसंत ऋतु के आगमन और शीत ऋतु की विदाई का प्रतीक माना जाता है। रंगवाली होली, बड़ी होली और धुलंडी जैसे नामों से प्रसिद्ध यह त्योहार समाज में मेलजोल और आपसी सौहार्द को मजबूत करता है।
इस दिन परिवार, मित्र और पड़ोसी एक-दूसरे को रंग लगाकर खुशियां बांटते हैं और पुराने मनमुटाव भुलाकर रिश्तों में नई मिठास लाने का संदेश देते हैं।
‘लखपति बिटिया’ योजना के तहत बेटियों को आर्थिक सुरक्षा
होली के अवसर पर दिल्ली सरकार ने महिलाओं और बेटियों से जुड़ी कई योजनाओं को शुरू करने का फैसला लिया है। ‘लखपति बिटिया’ योजना के तहत बेटियों को आर्थिक सुरक्षा देने की पहल की गई है। इस योजना में जन्म से लेकर 21 वर्ष की आयु तक अलग-अलग चरणों में राशि जमा की जाएगी, जो आगे चलकर एक लाख रुपये से अधिक हो सकती है। यह राशि बालिका की उच्च शिक्षा के लिए उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके अलावा ‘मेरी पूंजी, मेरा अधिकार’ पहल के तहत पुरानी लाडली योजना की लंबित परिपक्व राशि भी सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जा रही है।
त्योहारों पर दो मुफ्त एलपीजी सिलेंडर
महिलाओं को घरेलू राहत देने के लिए सरकार ने यह भी घोषणा की है कि राशन कार्ड धारक परिवारों को हर साल होली और दिवाली पर दो एलपीजी सिलेंडर मुफ्त दिए जाएंगे। सिलेंडर की कीमत के बराबर राशि सीधे बैंक खाते में भेजी जाएगी, जिससे त्योहारों के समय घरेलू खर्च का बोझ कम होगा।
Read More
















