Saturday, March 7, 2026
Home Current News CM मान ने बरनाला में आठ सार्वजनिक पुस्तकालयों का किया उद्घाटन

CM मान ने बरनाला में आठ सार्वजनिक पुस्तकालयों का किया उद्घाटन

Advertisement

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज बरनाला जिले में 2.80 करोड़ रुपए की लागत से तैयार किए गए आठ आधुनिक सार्वजनिक पुस्तकालयों को जनता को समर्पित किया। यह कदम विशेष रूप से युवाओं में पढ़ने की आदत को प्रोत्साहित करने की दिशा में उठाया गया है।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि भदौड़ और महल कलां विधानसभा क्षेत्रों में स्थित इन पुस्तकालयों का उद्घाटन आज किया गया। उन्होंने बताया कि शहिणा, धौला, तलवंडी, मझूके, कुत्बा, दीवाना, वजीदके कलां और ठुलीवाल गांवों में निर्मित इन आठ पुस्तकालयों पर कुल 2.80 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। प्रत्येक पुस्तकालय लगभग 35 लाख रुपये की लागत से तैयार किया गया है।

भगवंत सिंह मान ने बताया कि ये पुस्तकालय आधुनिक बुनियादी ढांचे से युक्त हैं, जिनमें कंप्यूटर, इंटरनेट की सुविधा, उच्च गुणवत्ता वाला साहित्य और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन पुस्तकालयों ने विद्यार्थियों के सपनों को साकार करने की एक नई आशा जगाई है। अब दूरदराज़ गांवों के छात्र भी अपने गांवों में रहकर पुस्तकें पढ़कर वैश्विक ज्ञान प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि ये पुस्तकालय न केवल छात्रों के बौद्धिक स्तर को ऊंचा उठाएंगे, बल्कि उन्हें उनके लक्ष्य प्राप्त करने में भी सहायता करेंगे।