Sunday, February 15, 2026
HomeCurrent Newsअंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस पर CM धामी की बड़ी घोषणा, टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स...

अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस पर CM धामी की बड़ी घोषणा, टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स में अग्निवीरों की होगी तैनाती

CM पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में स्थापित किए जा रहे टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स में उत्तराखंड के अग्निवीरों को सीधी तैनाती दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस पर यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स में 80 से अधिक युवाओं की भर्ती की जाएगी।

CM ने कहा कि इस बल का प्राथमिक उद्देश्य बाघों और उनके आवास की सुरक्षा को सुदृढ़ करना है। इससे न केवल बाघ संरक्षण प्रयासों को बल मिलेगा, बल्कि अग्निवीर योजना के तहत प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। उन्होंने कहा कि इस बल की स्थापना से व्यापक बाघ संरक्षण के लक्ष्य को प्राप्त करने में मदद मिलेगी और शिकार पर रोक लगेगी।

टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स का मुख्य कार्य बाघों के शिकार को रोकना होगा। वन्यजीव अपराधों को नियंत्रित करने के साथ-साथ यह बल वन एवं वन्यजीवों से संबंधित अन्य अपराधों जैसे लकड़ी की तस्करी, अवैध खनन और अतिक्रमण पर भी नियंत्रण करेगा। उन्होंने कहा कि कई बार बाघ आबादी वाले क्षेत्रों में आ जाते हैं, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष की स्थिति पैदा हो जाती है। इस बल को ऐसी स्थितियों से निपटने और नियंत्रित करने के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि दोनों पक्षों को नुकसान न हो।

बाघ संरक्षण में अग्निवीरों की भागीदारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के अग्निवीरों की सीधी तैनाती बाघ संरक्षण में भारतीय सेना या सेना द्वारा प्रशिक्षित कर्मियों की भागीदारी का एक अनूठा उदाहरण है। अग्निवीरों ने भारतीय सेना के कठोर अनुशासन और प्रशिक्षण का अनुभव प्राप्त किया है। यह प्रशिक्षण उन्हें शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से सुदृढ़ और किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए तैयार बनाता है।

ये गुण उन्हें वन गश्त और वन्यजीव अपराधों से निपटने में अत्यधिक प्रभावी बनाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कॉर्बेट टाइगर रिजर्व को अब एक उच्च प्रशिक्षित और समर्पित बल का संरक्षण प्राप्त होगा। इससे शिकार की घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है। अग्निवीरों की भर्ती से स्थानीय समुदाय भी संरक्षण प्रयासों में शामिल होगा और एक सकारात्मक माहौल बनेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments