हवाई यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए केंद्र सरकार ने देश में 100 नए एयरपोर्ट बनाने का बड़ा फैसला लिया है। इसके साथ ही 200 आधुनिक हेलीपैड भी बनाए जाएंगे। केंद्रीय कैबिनेट ने बुधवार को UDAN योजना में अगले 10 वर्षों के लिए संशोधन को मंजूरी दे दी है। इस पूरी योजना के लिए 28,840 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है।
100 एयरपोर्ट और 200 हेलीपैड का निर्माण
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि अगले आठ वर्षों में 12,159 करोड़ रुपये की लागत से 100 नए हवाई अड्डे बनाए जाएंगे। इसके अलावा 200 हेलीपैड तैयार किए जाएंगे, जिन पर कुल 3,661 करोड़ रुपये खर्च होंगे। हर हेलीपैड के निर्माण पर करीब 15 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम को मिलेगा मजबूती
सरकार ने क्षेत्रीय कनेक्टिविटी स्कीम (RCS) को और मजबूत करने के लिए ऑपरेशन और मेंटेनेंस (O&M) सहायता देने का भी फैसला किया है। इसके तहत हवाई अड्डों को तीन साल तक सालाना 3.06 करोड़ रुपये और हेलीपोर्ट/वॉटर एयरोड्रोम को 90 लाख रुपये तक सहायता दी जाएगी। इस पर कुल 2,577 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
एयरलाइंस को भी मिलेगी वित्तीय सहायता
UDAN योजना के तहत एयरलाइन ऑपरेटरों को उड़ान संचालन के लिए वायबिलिटी गैप फंडिंग (VGF) दी जाएगी। सरकार ने इसके लिए 10 वर्षों में 10,043 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रस्ताव रखा है। इसके अलावा पवन हंस के लिए HAL ध्रुव हेलीकॉप्टर और एलायंस एयर के लिए HAL डोर्नियर विमान खरीदने की योजना भी शामिल है।
2016 में शुरू हुई थी UDAN योजना
UDAN योजना की शुरुआत अक्टूबर 2016 में की गई थी, जिसका उद्देश्य सस्ती हवाई यात्रा और छोटे शहरों को बेहतर कनेक्टिविटी देना था। अब तक 95 एयरपोर्ट, हेलीपोर्ट और वॉटर एयरोड्रोम को जोड़ा जा चुका है और 663 रूट्स पर उड़ानें शुरू की गई हैं।
लाखों यात्रियों को मिला लाभ
इस योजना के तहत अब तक 3.41 लाख से अधिक उड़ानें संचालित हो चुकी हैं, जिनमें 1.62 करोड़ से ज्यादा यात्रियों ने सफर किया है। सरकार का मानना है कि नई UDAN योजना से देश में हवाई यात्रा और भी सुलभ होगी और क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी।
Read More
माता-पिता को सताया तो सैलरी पर चलेगी कैंची, इस राज्य की सरकार ने पेश किया नया कानून…

