Wednesday, February 11, 2026
HomeCurrent NewsUP News : नए साल पर मनाया जन्मदिन, अगले दिन थम गई सांसें...बीजेपी...

UP News : नए साल पर मनाया जन्मदिन, अगले दिन थम गई सांसें…बीजेपी विधायक का निधन

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से भाजपा विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल का शुक्रवार को अचानक निधन हो गया। वे 60 वर्ष के थे। सर्किट हाउस में आयोजित एक बैठक के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। सीने में तेज दर्द के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। उनके निधन से राजनीतिक, शैक्षणिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

मीटिंग के दौरान बिगड़ी तबीयत

शुक्रवार को बरेली के सर्किट हाउस में पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह की अध्यक्षता में बैठक चल रही थी। दोपहर करीब 2:15 बजे अचानक विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल को सीने में तेज दर्द हुआ। वे सीना पकड़कर बैठ गए और उन्हें पसीना आने लगा। यह देख बैठक में मौजूद लोग घबरा गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

उनके सहयोगियों ने बिना देर किए उन्हें मेडिसिटी हॉस्पिटल पहुंचाया। यह अस्पताल सर्किट हाउस से लगभग 7 किलोमीटर दूर और उनके आवास शक्तिनगर से मात्र 100 मीटर की दूरी पर स्थित है। डॉक्टरों की कोशिशें नाकाम अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उन्हें CPR दिया और वेंटिलेटर पर रखा। हालांकि उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई और करीब 3 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। खास बात यह है कि विधायक ने 1 जनवरी को ही अपना 60वां जन्मदिन मनाया था।

सांसद ने बताया आखिरी पल का हाल

भाजपा सांसद छत्रपाल गंगवार ने बताया कि बैठक का माहौल सामान्य और खुशगवार था। उन्होंने कहा, “मीटिंग बहुत अच्छी रही। इसके बाद मंत्री धर्मपाल सिंह ने सहभोज रखा था। हंसी-मजाक चल रहा था, तभी अचानक श्याम बिहारी जी को हार्ट अटैक आ गया।”

पहले भी पड़ चुका था हार्ट अटैक

परिवार के अनुसार, डॉ. श्याम बिहारी लाल को 2007 में पहला हार्ट अटैक पड़ा था। उस समय दिल्ली के अपोलो अस्पताल में उनकी बायपास सर्जरी हुई थी और तब से उनका इलाज चल रहा था। शुक्रवार को दूसरा हार्ट अटैक पड़ा, जो जानलेवा साबित हुआ।

राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

विधायक का पार्थिव शरीर उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। क्षेत्र और प्रदेश के कई नेता, कार्यकर्ता और समर्थक उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंच रहे हैं।
उनका अंतिम संस्कार 3 जनवरी, शनिवार को दोपहर 12 बजे बरेली में राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उनके निधन पर शोक व्यक्त करने और श्रद्धांजलि देने बरेली पहुंचेंगे।

फरीदपुर सीट का टूटा मिथक

डॉ. श्याम बिहारी लाल बरेली की फरीदपुर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक थे। वे इस सीट से लगातार दूसरी बार चुनाव जीतने वाले पहले नेता बने थे और उन्होंने वर्षों पुराना मिथक तोड़ा था।

परिवार और निजी जीवन

डॉ. श्याम बिहारी लाल अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।

* पत्नी मंजुलता – बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षिका
* एक बेटा ईशान ग्वाल – दिल्ली में UPSC की तैयारी कर रहे हैं
* बड़ी बेटी शिल्पा ग्वाल – कैंटोनमेंट बोर्ड, रक्षा संपदा अधिकारी
* छोटी बेटी शिवानी ग्वाल – मुंबई में RBI में कार्यरत

ABVP से राजनीति की शुरुआत

डॉ. श्याम बिहारी लाल का जन्म 1 जनवरी 1966 को उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में हुआ था। उनके पिता का नाम राधेश्याम था। वे पोस्ट ग्रेजुएट थे और पेशे से प्रोफेसर रहे। महात्मा ज्योतिबा फूले रोहिलखंड विश्वविद्यालय, बरेली में प्राचीन इतिहास एवं संस्कृति विभाग के प्रोफेसर और विभागाध्यक्ष पांचाल संग्रहालय के निदेशक गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय, नोएडा के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के सदस्य थे। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से की थी और शिक्षा, संस्कृति व जनसेवा के क्षेत्र में उनकी अलग पहचान थी। डॉ. श्याम बिहारी लाल का अचानक जाना न सिर्फ बरेली बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश की राजनीति और शिक्षा जगत के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें :

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments