राजस्थान में आज होगा भाजपा सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार

राजस्थान में आज होगा भाजपा सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित राजस्थान में कई दिन के इंतजार के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार आज होगा। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि नवनियुक्त मंत्री शाम 3:15 बजे राजभवन में एक समारोह में शपथ लेंगे।

राज्यपाल कलराज मिश्र मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार सुबह राज्यपाल कलराज मिश्र से मिले। राजभवन के बयान के अनुसार, शर्मा ने राज्यपाल से मंत्रियों को शपथ दिलाने का आग्रह किया।

बयान में कहा गया है कि शर्मा ने शनिवार को राजभवन पहुंचकर राज्यपाल मिश्र से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान शर्मा ने राज्यपाल से मंत्री परिषद के शपथ ग्रहण समारोह के लिए आग्रह किया।

राज्यपाल ने इसके लिए सहमति प्रदान की है। शपथ ग्रहण समारोह राजभवन परिसर में शाम 3.15 बजे होगा। वहीं, शनिवार सुबह रामगंजमंडी से विधायक मदन दिलावर सुबह भाजपा के प्रदेश कार्यालय पहुंचे।

उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। गढ़ी से विधायक कैलाश मीणा विमान से उदयपुर से जयपुर पहुंचे। शपथ समारोह की तैयारियां राजभवन में पहले से ही हो चुकी हैं।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंत्रिमंडल के विस्तार से पहले शुक्रवार को पार्टी आलाकमान से मिलने दिल्ली गए थे। राज्य में विधानसभा की 200 में से 199 सीटों के लिए 25 नवंबर को मतदान हुआ।

इसका परिणाम 3 दिसंबर को आया। भजनलाल शर्मा ने 15 दिसंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ दिया कुमारी व प्रेमचंद बैरवा को उपमुख्यमंत्री बनाया गया।