BJP Foundation Day: भारतीय जनता पार्टी आज 6 अप्रैल को अपना 47वां स्थापना दिवस पूरे देश में उत्साह के साथ मना रही है। इस मौके पर कई तरह के कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं, जिनमें पार्टी के नेता और कार्यकर्ता बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। स्थापना दिवस को लेकर संगठन में खास उत्साह देखने को मिल रहा है। भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई बड़े नेताओं ने कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं। सभी नेताओं ने पार्टी की विचारधारा, सेवा भावना और कार्यकर्ताओं के योगदान को सराहा।
PM मोदी ने ‘इंडिया फर्स्ट’ पर दिया जोर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया के जरिए कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि बीजेपी हमेशा ‘इंडिया फर्स्ट’ के सिद्धांत के साथ समाज सेवा में अग्रणी रही है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं की निस्वार्थ सेवा, अथक परिश्रम और सुशासन के प्रति समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि दशकों की यात्रा में असंख्य कार्यकर्ताओं के त्याग और संकल्प ने पार्टी को मजबूत बनाया है। बीजेपी हमेशा जनता के हित को केंद्र में रखकर काम करती आई है, जिसका प्रभाव केंद्र और राज्य सरकारों के कामकाज में स्पष्ट दिखता है।
अमित शाह ने दिया ‘नेशन फर्स्ट’ का मंत्र
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने पार्टी के मूल मंत्र ‘नेशन फर्स्ट, पार्टी नेक्स्ट, सेल्फ लास्ट’ को दोहराते हुए कहा कि बीजेपी ने हर क्षेत्र में अपने कार्यों से इस सिद्धांत को साबित किया है। अमित शाह ने कहा कि चाहे सीमा सुरक्षा हो, आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करना हो, विकास के नए मानक स्थापित करना हो या भारतीय संस्कृति को सशक्त बनाए रखना—बीजेपी ने हर मोर्चे पर अपनी प्रतिबद्धता दिखाई है। इस दौरान उन्होंने ऋषि दधीचि को नमन करते हुए उनके त्याग को राष्ट्रहित के लिए प्रेरणास्रोत बताया और स्थापना दिवस पर सभी महान आत्माओं को श्रद्धांजलि दी।
CM योगी आदित्यनाथ ने बताई विचारधारा की ताकत
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी और बीजेपी को एक जीवंत वैचारिक परंपरा बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी की यात्रा केवल सत्ता प्राप्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ‘अंत्योदय से राष्ट्रोदय’ के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही है। योगी ने कहा कि बीजेपी आज एक विशाल वटवृक्ष के रूप में विकसित हो चुकी है, जो सेवा, मूल्यों और समर्पण के साथ 1.45 अरब देशवासियों की आकांक्षाओं को सशक्त कर रही है। यह यात्रा सत्ता नहीं, बल्कि विचार और संस्कारों पर आधारित है।
केशव मौर्य ने गिनाई बीजेपी की उपलब्धियां
वहीं, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी स्थापना दिवस पर एक वीडियो संदेश जारी किया। उन्होंने पार्टी के सफर को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी से लेकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय, अटल बिहारी वाजपेयी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक जोड़ते हुए इसकी विचारधारा और उपलब्धियों का जिक्र किया। केशव मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से “विकसित भारत” की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने बीजेपी को वर्तमान के साथ-साथ देश के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बताया।
कार्यकर्ताओं के योगदान को बताया सबसे अहम
चारों नेताओं के संदेशों में एक बात समान रही कि बीजेपी की ताकत उसके कार्यकर्ता हैं। उनके समर्पण, सेवा भावना और निष्ठा ने ही पार्टी को देश की सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत बनाया है। स्थापना दिवस पर इन संदेशों के जरिए कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने और संगठन को और मजबूत करने का प्रयास किया गया।
Read More:
दिल्ली के उत्तम नगर में दूध चोर गैंग का पर्दाफाश, वायरल वीडियो से 2 आरोपी गिरफ्तार

