पटना में मुख्यमंत्री आवास पर हुई जनता दल (United) के विधायकों की अहम बैठक समाप्त हो गई। सूत्रों के मुताबिक बैठक के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधायकों से कहा कि वे राज्यसभा जाने की योजना बना रहे हैं। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इससे बिहार की राजनीति या प्रशासनिक कामकाज पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
मुख्यमंत्री ने विधायकों को भरोसा दिलाया कि वे बिहार में सक्रिय रहेंगे और सरकार के सभी काम पहले की तरह चलते रहेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य से जुड़ी हर गतिविधि पर उनकी नजर बनी रहेगी और वे पहले की तरह सब कुछ देखते रहेंगे।
निशांत कुमार को राजनीति में लाने की उठी मांग
बैठक के दौरान कई विधायकों ने मुख्यमंत्री से उनके बेटे निशांत कुमार को सक्रिय राजनीति में लाने की मांग की। सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान कुछ विधायक भावुक भी हो गए और उन्होंने मुख्यमंत्री से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने की अपील की।
यह भी चर्चा है कि निशांत कुमार जल्द ही जनता दल (United) की सदस्यता ले सकते हैं। बताया जा रहा है कि वे संभवतः शनिवार को पार्टी से औपचारिक रूप से जुड़ सकते हैं, जिससे बिहार की राजनीति में नई हलचल देखने को मिल सकती है।
राज्यसभा जाने पर कुछ विधायकों की नाराजगी
बैठक के दौरान कुर्मी और कुशवाहा समाज से जुड़े कई विधायकों ने मुख्यमंत्री के राज्यसभा जाने के फैसले पर खुलकर असहमति जताई। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वे इस निर्णय से सहमत नहीं हैं और चाहते हैं कि मुख्यमंत्री इस पर दोबारा विचार करें।
सूत्रों के मुताबिक कुछ विधायकों ने बैठक में ही अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं और मुख्यमंत्री से बिहार की राजनीति में सक्रिय बने रहने की अपील की।
बैठक में ये नेता रहे मौजूद
मुख्यमंत्री आवास पर हुई इस बैठक में अशोक चौधरी, विजय कुमार चौधरी और संजय झा भी मौजूद थे। हालांकि इस महत्वपूर्ण बैठक में निशांत कुमार शामिल नहीं हुए, जिससे उनके संभावित राजनीतिक प्रवेश को लेकर अटकलें और तेज हो गई हैं।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी(PM Modi) से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने...