भगवंत मान और पार्टी के अन्य नेता केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ रविवार को करेंगे अनशन

भगवंत मान और पार्टी के अन्य नेता केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ रविवार को करेंगे अनशन

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आम आदमी पार्टी (आप) के विधायकों और कार्यकर्ताओं के साथ रविवार को अनशन करेंगे।

आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली के मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी के विरोध में 7 अप्रैल को देशव्यापी सामूहिक अनशन का आह्वान किया है।

आप के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल को पिछले महीने ईडी ने आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन के मामले में गिरफ्तार किया था। उन्हें 15 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

पार्टी के विधायक दिनेश चड्ढा ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और सत्तारूढ़ पार्टी के विधायक लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई में 7 अप्रैल को शहीद भगत सिंह नगर जिले के खटकर कलां में अनशन करेंगे।

उन्होंने पंजाब के लोगों से भी अनशन में शामिल होने की अपील की। रूपनगर से विधायक चड्ढा ने आरोप लगाया कि केजरीवाल की गिरफ्तारी में भारतीय जनता पार्टी का हाथ है।

साथ ही उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी और उसके राष्ट्रीय संयोजक को भाजपा अपने लिए ‘‘सबसे बड़ा खतरा’’ मानती है।