लोकसभा चुनाव से पहले मुक्केबाज विजेंदर सिंह कांग्रेस का हाथ छोड़कर BJP में हुए शामिल

आगामी लोकसभा चुनाव से पहले मुक्केबाजी में भारत के लिए पहला ओलंपिक पदक जीतने वाले और पूर्व कांग्रेस नेता विजेंदर सिंह आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए हैं और कयास ऐसे भी लगाए जा रहे हैं कि वह भाजपा की टिकट पर लोकसभा का चुनाव भी लड़ सकते हैं।

बता दें कि विजेंदर सिंह ने साल 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट से दक्षिणी दिल्ली संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गए थे। कई दिनों से कयास लग रहे थे कि कांग्रेस उन्हें इस बार मथुरा सीट से मैदान में उतार सकती है जहां से भाजपा की मौजूदा सांसद हेमा मालिनी तीसरी बार चुनावी मैदान में हैं।

विजेंदर सिंह जाट समुदाय से आते हैं जिसका हरियाणा की कई सीट पर राजनीतिक प्रभाव माना जाता है। इस समुदाय का पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई इलाकों में भी प्रभाव है।