Saturday, February 14, 2026
HomeCurrent Newsअमिताभ जैन बने रहेंगे मुख्य सचिव, तीन महीने के लिए बढ़ाया गया...

अमिताभ जैन बने रहेंगे मुख्य सचिव, तीन महीने के लिए बढ़ाया गया कार्यकाल

छत्तीसगढ़ में राज्य गठन के बाद पहली बार किसी मुख्य सचिव को तीन महीने का सेवा विस्तार दिया गया है। इसके बाद मुख्य सचिव अमिताभ जैन अब तीन महीने और अपने पद पर बने रहेंगे। बताया जाता है कि इसकी भनक किसी को नहीं थी। यही वजह है कि सोमवार सुबह मुख्य सचिव ने राज्यपाल रमेन डेका से मुलाकात भी की।

राज्य सरकार हमेशा बुधवार को कैबिनेट की बैठक बुलाती है। इस बार सोमवार को कैबिनेट की बैठक इसलिए बुलाई गई थी, ताकि मुख्य सचिव को विदाई दी जा सके। इसके साथ ही नए मुख्य सचिव के कैबिनेट में स्वागत की तैयारियां भी थीं। इसी बीच खबर आई कि केंद्र सरकार ने मुख्य सचिव जैन का कार्यकाल तीन महीने के लिए बढ़ा दिया है। जबकि मंत्रालय के कई सचिवों ने विदाई के लिए गुलदस्ते मंगवाए थे और विदाई समारोह की सारी तैयारियां भी हो चुकी थीं।

राज्यपाल ने दी विदाई

मुख्य सचिव जैन का जाना लगभग तय था। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सोमवार सुबह राज्यपाल रमेन डेका ने राजभवन में मुख्य सचिव जैन से सौजन्य मुलाकात की। साथ ही राज्यपाल ने मुख्य सचिव को सेवानिवृत्ति पर उज्ज्वल भविष्य और सुखमय जीवन की शुभकामनाएं दी थीं। इसके अलावा राज्यपाल ने मुख्य सचिव जैन को राजकीय अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया।

एक फोन कॉल से बदले समीकरण

बताया जाता है कि कैबिनेट बैठक में कई मंत्रियों ने मुख्य सचिव की विदाई की पूरी तैयारी कर ली थी। कैबिनेट बैठक के अंत में मुख्यमंत्री का संबोधन भी होने वाला था। इसी बीच कैबिनेट खत्म होने से पहले दिल्ली से फोन आया। बताया गया कि अमिताभ जैन को तीन महीने का एक्सटेंशन दिया जा रहा है।

इसके बाद कैबिनेट का पूरा माहौल ही बदल गया। बता दें कि इस बार केंद्र और राज्य की सहमति से मुख्य सचिव की नियुक्ति की तैयारी थी। यही वजह है कि राज्य सरकार ने आखिरी वक्त तक अपने पत्ते नहीं खोले। जबकि प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में सुब्रत साहू या मनोज पिंगुआ को मुख्य सचिव बनाने की चर्चा थी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments