निर्देशक आदित्य धर(Aditya Dhar) की फिल्म धुरंधर 2 को देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। दर्शकों के साथ-साथ कई जानी-मानी हस्तियों ने भी फिल्म की सराहना की है। हाल ही में भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने भी फिल्म की तारीफ की, जिस पर अब आदित्य धर का रिएक्शन सामने आया है।
विराट और अनुष्का दोनों ने फिल्म को एक बेहतरीन अनुभव बताया। विराट कोहली ने कहा कि उन्होंने भारत में बनी फिल्मों में ऐसा अनुभव पहले कभी महसूस नहीं किया और यह फिल्म शुरुआत से अंत तक दर्शकों को जोड़े रखती है।
विराट के रिएक्शन से भावुक हुए आदित्य धर
फिल्म को लेकर विराट के रिएक्शन से भावुक हुए आदित्य धर ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा कि उन्हें यकीन ही नहीं हो रहा कि विराट जैसे बड़े खिलाड़ी ने उनकी फिल्म की सराहना की है। उन्होंने यह भी बताया कि वह अंडर-19 वर्ल्ड कप के समय से ही विराट के फैन रहे हैं और देश के प्रति उनका समर्पण बेहद प्रेरणादायक है। आदित्य ने आगे कहा कि उनकी कोशिश रहती है कि उनकी फिल्में देश को गर्व महसूस कराएं।
वहीं, अनुष्का शर्मा ने भी ‘धुरंधर 2’ की पूरी टीम की तारीफ की। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए आदित्य धर ने कहा कि अनुष्का जैसी प्रतिभाशाली कलाकार से सराहना मिलना उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने उनका आभार जताते हुए कहा कि उनकी बातें उन्हें और बेहतर काम करने के लिए प्रेरित करती हैं।