दिल्ली, पंजाब और चंडीगढ़ के बाद हरियाणा में भी बनेगी आम आदमी पार्टी की सरकार: अनुराग ढांडा

दिल्ली, पंजाब और चंडीगढ़ के बाद हरियाणा में भी बनेगी आम आदमी पार्टी की सरकार: अनुराग ढांडा

आम आदमी पार्टी के चंडीगढ़ मेयर चुनाव में जीत की खुशी पर पूरे प्रदेश में जिलास्तर पर जश्न मनाया और कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़ों बजाकर लड्डू बांटे और खुशी मनाई।

आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता फरीदाबाद में रहे और वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा रोहतक में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच मौजूद रहे।

प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा की आज पूरे प्रदेश के आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। हर जिले में आम आदमी पार्टी की जीत का जश्न मनाया जा रहा है।

सुप्रीम कोर्ट ने बीजेपी के मुंह पर करारा तमाचा मारा है। भारतीय जनता पार्टी की वोटों की चोरी पकड़ी गई है।

आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के संयुक्त उम्मीदवार कुलदीप कुमार की जीत निश्चित थी, लेकिन बीजेपी के पीठासीन अधिकारी ने 8 वोटों को खुद ही निशान लगाकर अवैध कर दिया और बीजेपी के उम्मीदवार को जीता दिया।

सुप्रीम कोर्ट ने बीजेपी की चोरी पर मोहर लगा दी। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्णय से देश में लोकतंत्र और सच्चाई की जीत हुई।

आम आदमी पार्टी ने हार नहीं मानी और बीजेपी के मुंह से जीत को खींचकर ले आए। सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक फैसले से देश में लोकतंत्र को मजबूती देने का काम किया है।

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने कहा की जब भारतीय जनता पार्टी का मुकाबला आम आदमी पार्टी से होगा, बीजेपी रणनीतिक तौर पर भी हारेगी।

नैतिक तौर पर भी हारेगी और लोकतांत्रिक तौर पर भी हारेगी। चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी का मेयर बनने से ये साफ हो गया है कि भारतीय जनता पार्टी को सिर्फ आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल ही हरा सकते हैं।

आम आदमी पार्टी ही बीजेपी की तानाशाही का मुकाबला कर खत्म कर सकती है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी का मेयर बनने से हरियाणा की जनता में भी उत्साह है।

पहले दिल्ली, फिर पंजाब और अब चंडीगढ़ में जीत के बाद हरियाणा में भी आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी। इसके साथ बीजेपी को “इंडिया” गठबंधन के साथ पहले ही मुकाबले में हार का मुंह देखना पड़ा।

बीजेपी की तानाशाही और हर हथकंडे को आम आदमी पार्टी ने नेस्तनाबूत कर दिया। चंडीगढ़ का मेयर चुनाव तो महज एक शुरुआत है।

आने वाले चुनावों में भी बीजेपी को आम आदमी पार्टी के हाथों हार का मुंह देखना पड़ेगा। किसान आंदोलन में निहत्थे किसानों के साथ हो रही ज्यादती का बदला प्रदेश की जनता समय आने पर जरूर लेगी।