कांग्रेस देगी ‘सुरक्षित हरियाणा’, पूर्व शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल का बड़ा दावा

हरियाणा में विधानसभा चुनाव-2024 के आगाज के साथ ही नेताओं में अपने-अपने दल की सरकार बनने के दावों के साथ ही विरोधी दलों पर जमकर कटाक्ष किया जा रहा है।

Aug 20, 2024 - 15:22
 20
कांग्रेस देगी ‘सुरक्षित हरियाणा’, पूर्व शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल का बड़ा दावा

चंद्रशेखर धरणी, चंडीगढ़ : हरियाणा में विधानसभा चुनाव-2024 के आगाज के साथ ही नेताओं में अपने-अपने दल की सरकार बनने के दावों के साथ ही विरोधी दलों पर जमकर कटाक्ष किया जा रहा है। पूर्व शिक्षा मंत्री और कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने भी एक बार फिर से सत्तासीन बीजेपी सरकार के साथ ही जेजेपी को लेकर बड़ी कही है। भुक्कल ने प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने का माहौल होने का दावा करते हुए सत्ता में आने पर ‘सुरक्षित हरियाणा’ देने का भी वादा किया।

‘हरियाणा का असुरक्षित श्रेणी में आना चिंता का विषय’

चंडीगढ़ पहुंची पूर्व शिक्षा मंत्री और झज्जर से कांग्रेस की विधायक गीता भुक्कल ने कहा कि आज प्रदेश में बेरोजगारी सबसे बड़ा मुद्दा है। बेरोजगारी के चलते प्रदेश का युवा यहां से पलायन करने के साथ नशे की चपेट में आ रहा है। इसके साथ ही प्रदेश का पूरा इंफ्रास्ट्रक्चर बिगड़ा हुआ है, वह चाहे शिक्षा से जुड़ा हो या फिर किसान से जुड़ा हुआ हो। देश का अन्नदाता सड़कों पर धरना प्रदर्शन करता रहा और उनकी सुनवाई भी ठीक से नहीं हो पाई। इसके अलावा हरियाणा का असुरक्षित श्रेणी में आना सबसे बड़ी चिंता का विषय है। भुक्कल ने कहा कि एनसीआरबी की रिपोर्ट के अनुसार आज प्रदेश की बहु-बेटी शिक्षण और कार्य़ करने वाले संस्थान में भी सुरक्षित नहीं है। इसलिए सुरक्षित हरियाणा देना कांग्रेस की सबसे पहली प्राथमिकता होगी।

‘हरियाणा में कांग्रेस के पक्ष में माहौल’

गीता भुक्कल ने बताया कि आज प्रदेश में कांग्रेस के पक्ष में एक माहौल बना है, जिस प्रकार से भूपेंद्र हुड्डा और प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान के नेतृत्व में लगातार पार्टी में लोगों की ज्वाइनिंग हो रही है, उससे लोगों का मन और माहौल बना है कि हरियाणा में कांग्रेस के पक्ष में हवा चल रही है। इसलिए इस बार जनता हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनेगी। भुक्कल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की ओर से प्रदेश की सभी 90 सीटों पर प्रमुखता के साथ चुनाव लड़ा जाएगा और स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बनाई जाएगी।

‘कांग्रेस के थे JJP के चुने हुए ज्यादातर विधायक’

जेजेपी छोड़कर विधायक ईश्वर सिंह के कांग्रेस में शामिल होने को लेकर गीता भुक्कल ने कहा कि जेजेपी के चुने हुए अधिकतर विधायक कांग्रेस के ही लोग थे। जेजेपी का अपना कोई कैडर नहीं था। इसी प्रकार से बीजेपी का भी अपना कोई कैडर नहीं है। वह भी इधर-उधर से लोगों को लाकर लोकसभा और विधानसभा की टिकट देकर चुनाव लड़वाते हैं। इसलिए जेजेपी के चुने हुए विधायकों में ज्यादातर कांग्रेस के ही थे। यहीं कारण था कि लोकसभा चुनाव के समय भी कुछ आजाद और अन्य विधायकों ने कांग्रेस को समर्थन देने का काम किया था।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow