Tuesday, March 3, 2026
Home Current News Delhi Fire News: दिल्ली के द्वारका स्थित अपार्टमेंट में लगी भीषण आग,...

Delhi Fire News: दिल्ली के द्वारका स्थित अपार्टमेंट में लगी भीषण आग, तीन लोग बिल्डिंग से गिरे नीचे

Advertisement

देश की राजधानी दिल्ली से बड़ी खबर आ रही है। यहां एक अपार्टमेंट में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया है। घटना दिल्ली के द्वारका स्थित शब्द अपार्टमेंट की है। इसकी सबसे ऊपरी मंजिल पर भीषण आग लग गई। जिसके चलते आनन-फानन में तीन लोग बिल्डिंग से नीचे गिर गए। अपार्टमेंट से गिरे लोगों की हालत गंभीर है। आग इतनी भयानक थी कि इसकी लपटें आसमान छूती नजर आईं। फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई है और बचाव कार्य जारी है।

शब्द अपार्टमेंट में आग से हड़कंप

दिल्ली में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है। पारा लगातार चढ़ता जा रहा है। लू का अलर्ट जारी है। ऐसे में लगातार आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसी बीच दिल्ली के द्वारका स्थित शब्द अपार्टमेंट में भीषण आग लग गई। यह आग कितनी भयावह है, इसका अंदाजा तस्वीरों को देखकर लगाया जा सकता है। अपार्टमेंट की ऊपरी मंजिल पर लगी आग तेजी से फैल रही है। इसने निचली मंजिलों को भी अपनी चपेट में ले लिया है।

बिल्डिंग से तीन लोगों के नीचे गिरने की खबर

द्वारका अपार्टमेंट में लगी इस आग की भयावहता से लोगों में दहशत का माहौल है। एक मंजिल पर कई लोग फंसे हुए हैं और मदद के लिए चिल्लाते नजर आ रहे हैं। इस बीच, फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई हैं। अपार्टमेंट में फंसे लोगों को बचाने की कोशिशें जारी हैं। इस बीच, प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया है कि तीन लोग इमारत से नीचे गिर गए हैं।

आग बुझाने में जुटी फायर ब्रिगेड की टीम

आशंका जताई जा रही है कि ये लोग बालकनी से बिल्डिंग से बाहर निकलने की कोशिश में गिर गए। इनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल, फायर ब्रिगेड के जवानों ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है। आग बुझाने की कोशिशें जारी हैं।