दिल्ली में जल्द ही नगर निगम के चुनाव हो सकते है। क्योकि तीनों निगमों को एक किए जाने के बाद वार्डों के परिसीमन की प्रक्रिया जारी है। वहीं केंद्र सरकार ने इस बार दिल्ली नगर निगम के लिए 250 सीटें निर्धारित की हैं।
केंद्र सरकार ने दिल्ली नगर निगम में सीटों की अधिकतम संख्या 250 निर्धारित की है। 42 वार्ड अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित किये गए हैं। फिलहाल, तीनों निगम का एकीकरण होने से पहले एमसीडी में कुल सीटों की संख्या 272 थी।
भारत सरकार के गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव आशुतोष अग्निहोत्री द्वारा राष्ट्रीय राजधानी राज्य क्षेत्र, दिल्ली सरकार के नाम शनिवार (10 सितंबर) को जारी दिल्ली राजपत्र में कहा गया है कि दिल्ली नगर निगम (संशोधन) अधिनियम, 2022 द्वारा यथा-संशोधित, दिल्ली नगर निगम अधिनियम, 1957 की धारा-3 की उप धारा (5) के अनुसार, एतद् द्वारा दिल्ली नगर निगम में सीटों की कुल संख्या 250 अवधारित की जाती है।