भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर के बाद आज भारत की तीनों सेना ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की। ऑपरेशन सिंदूर की जानकारी देते हुए डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलिट्री ऑपरेशन (DGMO) लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने कहा, “मैं अपने पांच शहीद साथियों और सशस्त्र बलों के भाइयों तथा नागरिकों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं, जिन्होंने ऑपरेशन सिंदूर में दुखद रूप से अपनी जान गंवा दी। हमारी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं…उनके बलिदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
उन्होंने सेना के इस ऑपरेशन की जानकारी देते हुए आगे बताया कि भारत ने पाकिस्तान में स्थित 9 आतंकी ठिकानों पर हमला किया था। भारत की ओर से की गई इस कार्रवाई में 100 से अधिक आतंकवादी मारे गए, जिनमें यूसुफ अजहर, अब्दुल मलिक रऊफ और मुदासिर अहमद जैसे लक्ष्य शामिल थे, जो IC814 के हाईजैक और पुलवामा ब्लास्ट में शामिल थे।
वहीं एयर मार्शल ए.के. भारती ने कहा, हम आतंकवादी शिविरों को नष्ट करने के अपने उद्देश्य में सफल हुए हैं जिसका परिणाम पूरी दुनिया के सामने है। ए.के. भारती ने आगे कहा, “उनके विमानों को हमारी सीमा में घुसने से रोका गया वहीं भारत ने उनके कुछ विमान भी मार गिराए हैं।
वाइस एडमिरल ए.एन. प्रमोद ने कहा, इस बार अगर पाकिस्तान ने कोई कार्रवाई करने की हिम्मत की तो पाकिस्तान जानता है कि हम क्या कर सकते हैं।
DGMO लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने कहा भारत ने केवल आतंकी ठिकानों और आतंकियों को नष्ट करने के लिए हमला किया था लेकिन पाकिस्तान ने बौखलाहट में भारत के आम नागरिकों को निशाना बनाया है जो कि उसकी कायरतापूर्ण हरकत को दर्शाता है।

