आज डॉ. BR अंबेडकर की 135वीं जयंती है। इस दौरान संसद परिसर में प्रेरणा स्थल पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, कई केंद्रीय मंत्रियों और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत कई गणमान्य लोगों ने श्रद्धांजलि दी।
प्रेरणा स्थल पर संविधान निर्माता को श्रद्धांजलि देने के लिए केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू, अर्जुन राम मेघवाल, पीयूष गोयल, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, दिल्ली की CM रेखा गुप्ता, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और हरियाणा के पूर्व सीएम भूपिंदर सिंह हुड्डा परिसर में मौजूद थे।
इससे पहले आज PM मोदी ने अंबेडकर की विरासत को नमन करते हुए कहा कि अंबेडकर के आदर्शों ने ही आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण को शक्ति और गति दी है। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘सभी देशवासियों की ओर से मैं भारत रत्न पूज्य बाबासाहेब को उनकी जयंती पर नमन करता हूं। उनकी प्रेरणा ही है कि देश आज सामाजिक न्याय के सपने को साकार करने में पूरी लगन से जुटा हुआ है। उनके सिद्धांत और आदर्श आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण को शक्ति और गति देने वाले हैं।’

