लोकसभा चुनाव में भाजपा के 6 पूर्व मुख्यमंत्री ठोकेंगे ताल, संपत्ति जानकर आप हो जाएंगे हैरान

लोकसभा चुनाव में भाजपा के 6 पूर्व मुख्यमंत्री ठोकेंगे ताल, संपत्ति जानकर आप हो जाएंगे हैरान

भाजपा शायद विश्व का पहला राजनीतिक दल है, जिसमें कब कोई विधायक मुख्यमंत्री बन जाए या कब एक मुख्यमंत्री सांसद बन जाए, किसी को पता नहीं होता।

कुछ महीनों पहले तीन राज्यों और अभी कुछ हफ्तों पहले हरियाणा में जो राजनीतिक फेरबदल हुआ, वो सबसे बड़ा उदाहरण है। आगामी लोकसभा चुनाव में भी कुछ इसी तरह की तस्वीर बनते दिखाई दे रही है।

भाजपा अपने 6 पूर्व मुख्यमंत्रियों को सांसदी लड़वा रही है। इस लिस्ट में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से लेकर त्रिपुरा के मुख्यमंत्री रहें बिप्लब कुमार देब का नाम शामिल है।

इस खबर में हम आपको भाजपा के उन मुख्यमंत्रियों के बारे में बताएंगे, जो आम चुनाव लड़ने वाले हैं और साथ ही आपको यह भी बताएंगे की उनकी संपत्ति कितनी है?

इस लिस्ट में पहला नाम ताजा ताजा मुख्यमंत्री पद छोड़ने वाले मनोहर लाल खट्टर का है। मनोहर लाल के पास 1 करोड़ 27 लाख रुपये से ज्यादा की संपत्ति है।

2019 में हुए हरियाणा विधानसभा चुनाव के दौरान दिए गए शपथ पत्र में उन्होंने बताया था कि उनके बैंक अकाउंट में करीब ढाई लाख रुपये जमा हैं।

2019 में उन्होंने यह भी बताया था कि उन्होंने करीब 5 लाख रुपये का एक पर्सनल लोन भी ले रखा है। अचल संपत्ति की बात करें तो उनके पास 50 लाख रुपये से ज्यादा की कृषि योग्य भूमि है। उनके पास एक घर भी है जिसकी कीमत करीब 3 लाख रुपये है।

दूसरा नाम कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई का है। उनके पास 42.15 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है, जिसमें हिंदू अविभाजित परिवार के 19.2 करोड़ रुपये शामिल हैं।

हलफनामे के अनुसार, बोम्मई ने 26 मार्च 2022 को मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए धारवाड़ के हुबली तालुक के तरिहाला गांव में लगभग तीन एकड़ जमीन खरीदी थी।

2023 के इस शपथ पत्र के मुताबिक, बोम्मई और उनके आश्रितों के पास कुल मिलाकर 52.12 करोड़ रुपये की संपत्ति है। बोम्मई पर 5.79 करोड़ रुपये की देनदारी भी है।

इस लिस्ट में तीसरा नाम मध्य प्रदेश के 4 बार मुख्यमंत्री रहे शिवराज सिंह चौहान का है। साल 2023 में उनकी कुल संपत्ति 3.21 करोड़ रुपये थी, जबकि उनकी पत्नी साधना सिंह की कुल संपत्ति 5.41 करोड़ रुपये थी।

5 साल पहले शिवराज सिंह चौहान की संपत्ति 3.26 करोड़ रुपये थी। इसके अलावा शिवराज की चल संपत्ति 1,11,20,282 रुपये, अचल संपत्ति 2.10 करोड़ रुपये थी।

इनकी पत्नी साधना सिंह की चल संपत्ति 1,09,14,644 रुपये थी। साधना सिंह की कुल अचल संपत्ति 4.32 करोड़ रुपये थी।

वहीं, चौथा नाम किरण कुमार रेड्डी का है। अविभाजित आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके किरण रेड्डी के पास करीब 19 करोड़ रुपये की संपत्ति है। उनके पास हैदराबाद के जुबली हील्स में एक बंगला है, जिसकी कीमत करीब 9 करोड़ रुपये है।

किरण रेड्डी गाड़ियों के भी शौकीन हैं. इनके पास मारुति, महिंद्रा स्कॉर्पियो, महिंद्रा XUV, और वॉल्सवेगन जैसी कार है।

पांचवें नंबर पर उत्तराखंड के पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत हैं। उनके पास 56 हजार रुपये कैश है, जबकि उनकी पत्नी के पास 32 हजार रुपये है।

इनके बैंक अकाउंट में 59 लाख 88 हजार 913 रुपये जमा हैं, जबकि पत्नी के बैंक खाते में 94 लाख 80 हजार 261 रुपये जमा हैं।

इसके अलावा कुल चल संपत्ति की बात करें तो त्रिवेंद्र सिंह रावत के पास 62 लाख 92 हजार 113 रुपये की चल संपत्ति है। दूसरी तरफ इनकी पत्नी के पास 1 करोड़ 1 लाख 92 हजार 61 रुपये की चल संपत्ति है।

अंतिम और छठे स्थान पर हमने त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब का नाम रखा है। उनके पास करीब 52 हजार रुपये कैश है, जबकि पत्नी के पास करीब 2400 रुपये कैश है।

बिप्लब देब के अलग-अलग बैंक अकाउंट्स में करीब 92 लाख 78 हजार 838 रुपये जमा हैं, जबकि पत्नी के बैंक खातों में करीब 1 करोड़ 07 लाख 47 हजार रुपये जमा हैं।

साथ ही बिप्लब कुमार देब के शपथ पत्र के अनुसार, इनके पास करीब 1 करोड़ 89 लाख 17 हजार 755 रुपये की अचल संपत्ति है। इनकी पत्नी के पास करीब 61 लाख रुपये की अचल संपत्ति है।