Tuesday, March 3, 2026
Home Current News लखनऊ में बैंक के 42 लॉकर तोड़े, 2 बदमाशों का एनकाउंटर, जेवर-कैश...

लखनऊ में बैंक के 42 लॉकर तोड़े, 2 बदमाशों का एनकाउंटर, जेवर-कैश और पिस्टल जब्त

Advertisement

लखनऊ के गोमतीनगर में इंडियन ओवरसीज बैंक में हुई डकैती के मामले में दो अपराधी मुठभेड़ में मारे गए। एक अपराधी गाजीपुर में और दूसरा लखनऊ में मारा गया। दोनों अपराधी पुलिस की गोली लगने से मुठभेड़ में मारे गए। गाजीपुर में बिहार का रहने वाला अपराधी सनीदयाल मंगलवार सुबह मुठभेड़ में मारा गया। दूसरा अपराधी सोबिंद कुमार सोमवार देर रात मारा गया। उसका राम मनोहर लोहिया अस्पताल में इलाज चल रहा था। लेकिन मंगलवार सुबह उसकी भी मौत हो गई। दोनों अपराधियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

इस डकैती को सात चोरों ने अंजाम दिया था। इनमें से दो की अब मौत हो चुकी है। पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है। जानकारी के मुताबिक, बारा चौकी प्रभारी ने चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को रोका। दोनों घबराकर बिहार सीमा की ओर भागने लगे। तभी पुलिस से उनकी मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने उनका पीछा किया तो अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। एक अपराधी को गोली लगी, जिससे वह गिर गया।

दूसरा अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। घायल बदमाश की पहचान सनीदयाल के रूप में हुई है। उसके पास से एक तमंचा, कारतूस, बैंक से लूटे गए कुछ जेवरात और 35500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। घायल बदमाश को सीएचसी भदौरा ले जाया गया। लेकिन उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे गाजीपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बदमाश बिहार के मुंगेर का रहने वाला था।

अपराधी ने की फायरिंग

डीसीपी शशांक सिंह ने बताया- मंगलवार सुबह डीसीपी की क्राइम टीम कॉम्बिंग कर रही थी। तभी एक स्विफ्ट कार तेजी से आ रही थी। पुलिस ने जब उसे रोकने की कोशिश की तो कार सवार एक बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया। जबकि, दूसरा मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोबिंद कुमार के रूप में हुई। उसके पास से भारी मात्रा में सफेद और पीली धातु बरामद हुई। घायल को अस्पताल भेजा गया लेकिन वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बदमाश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

2 घंटे तक चोरी

22 दिसंबर को इंडियन ओवरसीज बैंक की चिनहट शाखा से करोड़ों के जेवरात और अन्य सामान चोरी कर चोर फरार हो गए थे। चोर बैंक में 2 घंटे तक रहे। चार चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। जबकि, तीन बाहर खड़े होकर हर चीज पर नजर रख रहे थे। पुलिस के मुताबिक, इंडियन ओवरसीज बैंक में चार चोर दीवार काटकर बैंक के लॉकर तक पहुंचे। इसके बाद उन्होंने इलेक्ट्रिक कटर से 42 लॉकर काटकर करोड़ों रुपये के जेवरात और कागजात लूट लिए। चोरों ने इस वारदात को रविवार को अंजाम दिया। क्योंकि रविवार को बैंक बंद रहता है। ऐसे में चोरों ने बैंक के पास खाली प्लॉट की तरफ से दीवार काट दी।

कटे मिले 42 लॉकर

रविवार को जब एक दुकानदार प्लॉट की तरफ गया तो उसने दीवार कटी हुई देखी। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और बैंक की जांच की तो 90 में से 42 लॉकर कटे हुए थे। इन लॉकरों में करोड़ों रुपये के जेवरात और कागजात थे। इसके बाद जब पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि पूरे बैंक में सिर्फ एक ही सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है। डीसीपी शशांक सिंह ने बताया कि चोरों को पकड़ने के लिए पुलिस की क्राइम ब्रांच समेत 8 टीमें बनाई गई थीं।