हिमाचल : शिमला में भूस्खलन में दो लोगों की मौत, बिलासपुर में बस पुल से गिरने पर 10 लोग घायल

शिमला के रोहड़ू इलाके में रविवार को एक ‘एसयूवी’ वाहन के भूस्खलन की चपेट में आ जाने पर दो यात्रियों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

उसने बताया कि रविवार को बिलासपुर जिले में एक अन्य घटना में, हिमाचल सड़क परिवहन निगम (एचआरटीसी) की एक बस के पुल से फिसल जाने पर लगभग 10 लोग घायल हो गए।

पुलिस ने कहा कि रोहड़ू उपखंड में राष्ट्रीय राजमार्ग 707 पर हाटकोटी-पौंटा साहिब रोड पर स्नेल गांव के निकट भूस्खलन हुआ, जहां दो वाहन मलबे में फंस गए।

सूचना मिलने पर पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचीं और दोनों शवों को ‘एसयूवी’ वाहन से निकाला।

पुलिस ने बताया कि रोहड़ू तहसील के रहने वाले सतीश कुमार (52) और विशंभर शर्मा (50) की मौके पर ही मौत हो गई। शवों को सिविल अस्पताल रोहड़ू ले जाया गया, जहां पोस्टमॉर्टम होने के बाद उन्हें परिवारों को सौंप दिया गया।

बिलासपुर में बस दुर्घटना घ्याल गांव के पास चालक के वाहन से नियंत्रण खोने के बाद हुई। पुलिस ने बताया कि बस में करीब 25 यात्री सवार थे। उसने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल यात्रियों को बचाया।

पुलिस ने बताया कि सात घायलों को एम्स बिलासपुर में ले जाया गया है, जबकि तीन अन्य को मार्कंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।