चंद्रशेखर धरणी, चंडीगढ़ : हरियाणा के विधानसभा चुनाव में टिकट वितरण के दौरान नाराज होने वाले नेता अब तीसरी बार प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने पर ना केवल खुशी जता रहे हैं, बल्कि खुद को बड़भागी (बड़े भाग्य वाला) भी बता रहे हैं। ऐसे ही हरियाणा में पूर्व मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके रामबिलास शर्मा ने नई सरकार के गठन पर कईं मुद्दों पर बातचीत की। बातचीत के दौरान जहां रामबिलास शर्मा ने खुद को बड़भागी बताया। वहीं, उन्होंने कांग्रेस पर भी जमकर प्रहार किया। साथ ही उन्होंने खुलासा किया कि नई सरकार से दक्षिण हरियाणा में आने वाले अहीरवाल को क्या कुछ मिलने वाला है।
रामबिलास शर्मा ने खुद को बड़भागी बताते हुए कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी के पुराने कार्यकर्ता के साथ संस्थापक सदस्य भी हैं। वह विधानसभा में पार्टी के अकेले विधायक भी रह चुके हैं। इतना ही नहीं 1991 में उनकी अध्यक्षता में और वाजपेयी जी के नेतृत्व में उन्होंने प्रदेश की सभी 90 सीटों पर पार्टी को चुनाव लड़वाया था। उसके बाद 2014 में भी पार्टी ने उन्हें फिर से अध्यक्ष बनाया और उस समय हरियाणा में बीजेपी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनी। अब तीसरी बार नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और अमित शाह के प्रबंधन के कमाल के चलते और मुख्यमंत्री पद के लिए नायब सैनी के चेहरे के चलते हरियाणा की 36 बिरादरी ने भारतीय जनता पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार दी है। इसके लिए उन्होंने हरियाणा की जनता का आभार जताते हुए नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को भी सलाम किया।
रामबिलास शर्मा ने माना कि इस बार अहीरवाल ने बीजेपी को सबसे ज्यादा सीटें दी है। वहां चूंकि किसानी और खेती का व्यवसाय ही मुख्य है। इसके लिए वहां पानी की कमी रहती है। पिछली सरकार के समय अपने कार्यकाल में उन्होंने वहां दोहान नदी चलवाई साथ ही निबेड़ा माइनर का निर्माण भी करवाया था। अब माधोगढ़ के किले और आईएमटी खुड़ाना के निर्माण पर सरकार के इस कार्यकाल में काम होगा।
‘कांग्रेस के नेता में प्राण नहीं’
चुनाव में कांग्रेस की ओर से अग्निवीर समेत कईं अन्य मुद्दे उठाए जाने पर रामबिलास शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के नेता में प्राण नहीं है और संगठन में जान नहीं है। खुद को टिकट नहीं मिल पाने के सवाल पर रामबिलास शर्मा ने कहा कि अभी भी महेंद्रगढ़ की 36 बिरादरी ने नौंवी बार कमल को जिताया है।
