यूक्रेन से निकले भारतीयों को पाेलैंड के गुरुद्वारे में मिला सहारा, नागरिकों के लिए लंगर और रहने की गई व्यवस्था

poland indians

रूस के यूक्रेन पर लगातार बढ़ते हमलों से हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। इस बीच विद्यार्थियों सहित सैकड़ों की संख्या में भारतीय नागरिक यूक्रेन के पड़ोसी देशों पोलैंड,रोमानिया, हंगरी और मोल्दोवा पलायन कर रहे हैं। संकट की इस घड़ी में सिख कौम हमेशा की तरह ‘सरबत दे भले’ के मूल मंत्र के साथ मानवता की भलाई के लिए आगे आई है।

जान बचा कर पोलैंड पहुंचे सैकड़ों भारतीय नागरिकों को देश की राजधानी वारसॉ स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में न केवल शरण दी गई है, बल्कि उनके लिए लंगर और रहने की व्यवस्था भी की गई है।

वारसॉ गुरुद्वारा सिंह सभा की प्रबंधन समिति के वरिष्ठ सदस्य जे जे सिंह ने बताया कि ‘रूस के यूक्रेन पर हमले के बाद से रोजाना सैकड़ों भारतीय नागरिक गुरुद्वारे पहुंच रहे हैं, जिनमें केवल विद्यार्थी ही नहीं, बल्कि यूक्रेन में चालक, रेस्तरां में काम करने वाले और अन्य कई काम-धंधे वाले लोग शामिल हैं। ये सभी दक्षिण भारत, असम, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और अन्य राज्यों से संबंध रखते हैं।’

उन्होंने बताया, “वर्तमान में 100 के करीब भारतीय गुरुद्वारा साहिब में मौजूद हैं, जिनकी सेवा की जा रही है। लंगर के साथ-साथ उन्हें निशुल्क में यहां रहने की व्यवस्था मुहैया कराई गई है। उन्होंने बताया कि रोजाना पलायन करके यहां पहुंचने वालों की संख्या बढ़ने के मद्देनजर सभी को केवल दो-तीन दिन यहां रुकने के लिए कहा जा रहा है।”

वहीं, गुरुद्वारा साहिब के सदस्य ने कहा, “पोलैंड में सभी भारतीय सुरक्षित हैं। यहां उनके साथ किसी तरह का दुर्व्यवहार नहीं किया जा रहा है। यूक्रेन में ऐसा हो रहा था, क्योंकि भारत ने संयुक्त राष्ट्र में रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर कोई पक्ष नहीं रखा था।”

इसके अलावा जे जे सिंह ने कहा कि भारतीय विद्यार्थियों की भारत वापसी हो रही है। सरकार उन्हें सुरक्षित वापस निकालने के लिए प्रयास कर रही है, लेकिन जो भारतीय यूक्रेन के मूल नागरिक बन गए हैं, उनके सामने बड़ी समस्या है। उनका भविष्य खतरे में है।

Image

वहीं, वारसॉ गुरुद्वारा सिंह सभा की प्रबंधन समिति के सदस्य जे जे सिंह ने इस बारे में कहा, “मुझे बहुत अच्छा लगा कि जनरल वीके सिंह गुरुद्वारा साहिब आए और विद्यार्थियों सहित सभी भारतीयों का हाैसला बढ़ाया। गुरुद्वारा समिति के सदस्यों ने उनका एयरपोर्ट पर स्वागत किया। हमें खुशी है कि भारत सरकार विद्यार्थियों को यहां से निकालने के लिए मुस्तैदी के साथ काम कर रही है।”

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय मंत्री जनरल (सेवानिवृत्त) वी के सिंह मंगलवार को पोलैंड में फंसे भारतीयों को सुरक्षित बाहर निकालने के ‘ऑपरेशन गंगा’ के समन्वय के लिए पोलैंड के इस गुरुद्वारे में पहुंचे थे। उन्होंने यहां भारतीय नागरिकों से मुलाकात की और उनका हौसला बढ़ाया।