उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के छठे चरण के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उम्मीदवारी वाले गोरखपुर सदर समेत 10 जिलों की 57 विधानसभा सीटों में गुरूवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है। छठे चरण में 57 विधानसभा सीटों में 676 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें से 66 महिला प्रत्याशी हैं।
इस चरण में 2.15 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे जिनमें 1.15 करोड़ पुरूष, 1.00 करोड़ महिला तथा 1363 तृतीय लिंग के मतदाता हैं।
इन दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर
छठे चरण में पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके मंत्रियों के अलावा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू समेत कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर होगी। गोरखपुर शहर विधानसभा से योगी आदित्यनाथ से मुकाबले में समाजवादी पार्टी (सपा) की शुभावती शुक्ला के अलावा आजाद समाज पार्टी के मुखिया चंद्रशेखर आजाद मैदान पर डटे हैं।
वहीं, बलिया की बांसडीह क्षेत्र से नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी सपा के टिकट पर मैदान मे है। भाजपा छोड़ कर सपा में शामिल हुये स्वामी प्रसाद मौर्य कुशीनगर में अपनी परंपरागत पडरौना सीट की बजाय फाजिलनगर से किस्मत आजमा रहे है जबकि कुशीनगर की तमकुही राज सीट पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की प्रतिष्ठा दांव पर है।
सिद्धार्थनगर के इटवा से बेसिक शिक्षा मंत्री डॉ. सतीश चंद्र द्विवेदी का मुकाबला समाजवादी पार्टी की तरफ से पूर्व विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय से है वहीं देवरिया की पथरदेवा से सूर्य प्रताप शाही और देवरिया सदर से सीएम के मीडिया सलाहकार शलभ मणि त्रिपाठी चुनाव मैदान में हैं।
बलिया की फेफना सीट से खेल मंत्री उपेन्द्र तिवारी जबकि अंबेडकरनगर के कटेहरी से बसपा विधानमंडल दल के नेता रहे लालजी वर्मा सपा के टिकट पर मैदान पर है।
बलिया नगर में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह की टक्कर सपा सरकार में मंत्री रहे नारद राय से है। छठे चरण में कांग्रेस के अखिलेश प्रताप सिंह, बसपा से सपा में आए राम अचल राजभर, पूर्व मंत्री राममूर्ति वर्मा, श्रीराम चौहान, राम स्वरूप शुक्ला, राज किशोर सिंह और विनय शंकर तिवारी जैसे दिग्गजों की किस्मत भी दांव पर है।