पांच राज्यों में चुनावों के एलान के साथ ही राजनीतिक दलों में जंग की शुरूआत, जानें BJP और कांग्रेस का क्या है कहना

Congress_bjp

चुनाव आयोग के पांच राज्यों में चुनाव कार्यक्रमों के एलान के साथ ही राजनीतिक दलों की लड़ाई का मैदान खुल गया है। सभी राजनीतिक दलों ने चुनावों की घोषणा स्वागत किया है।

इन पांच राज्यों में से चार उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार है जबकि पंजाब में कांग्रेस की सरकार है। पिछले पांच साल में पंजाब को कांग्रेस ने दो मुख्यमंत्री दिए जबकि उत्तराखंड में भाजपा ने तीन मुख्यमंत्री बनाए।

शनिवार को चुनाव की तारीखों का एलान होने के बाद भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा, “विधानसभा चुनावों में भाजपा को जनता का फिर आशीर्वाद प्राप्त होगा। भाजपा प्रंचड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी और सेवा एवं विकास के कार्यों को नयी ऊचाइयों तक ले जाएगी।”

चुनावों में जीत को लेकर जानें कांग्रेस का क्या है कहना

वहीं, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, “लड़ेगा, बढ़ेगा, जीतेगा उत्तर प्रदेश। दस मार्च को नौजवानों, किसानों, महिलाओं,श्रमिकों,व्यापारियों और आमजनों की जीत का मार्च होगा।” इसके अलावा कांग्रेस ने कहा कि चार राज्यों में वह अपने दम पर सरकार बनाएगी और उत्तर प्रदेश में उसके बिना कोई सरकार नहीं बना सकेगा।

जानिए कब और कहा कितने चरणों में होगा चुनाव

बता दें कि सभी पांचों राज्यों में चुनाव कार्यक्रम कुल सात चरणों में पूरे होंगे। उत्तर प्रदेश में सात चरणों में, मणिपुर में दो चरणों में और उत्तराखंड, पंजाब और गोवा में एक ही चरण में वोट डाले जाएंगे। पहले चरण के वोट 10 फरवरी को डाले जाएंगे और सभी राज्यों में मतों की गिनती 10 मार्च को होगी।