पंजाब CM भगवंत मान ने की केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से मुलाकात, इन मुद्दों पर हुई चर्चा

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से मुलाकात की। सीएम मान ने पंजाब में नहरी प्रबंध के नवीनीकरण के लिए विशेष फंड अलॉट करने की मांग की।

सीएम मान ने कहा कि आजादी से पहले बनी अपर बारी दोआब नहर का अब बुरा हाल है। इस कारण किसानों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। भगवंत मान ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि आजादी के बाद बनी नहरों को भी मजबूत करने और उनका नवीनीकरण करने की जरूरत है। इसके लिए केंद्र सरकार को राज्य को विशेष पैकेज देना चाहिए।

भगवंत मान ने कहा कि इससे नहरों के पानी की क्षमता को बढ़ाने में मदद मिलेगी और राज्य के किसानों को फायदा होगा। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने भगवंत मान को पूर्ण सहयोग और तालमेल का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पंजाब सरकार की मांगों पर विचार करेगी।