दिल्ली समेत उत्तर भारत में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, 3 फरवरी से बारिश और बर्फबारी की संभावना

देश की राजधानी दिल्ली समेत कई राज्य कोहरे, बारिश और शीत लहर की चपेट में हैं। मौसम विभाग की माने तो उत्तर भारतीय राज्यों में अगले 24 घंटे शीत लहर का प्रकोप जारी रहेगा। आईएमडी ने कई क्षेत्रों में भारी बारिश का भी अनुमान जाहिर किया है। वहीं, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 2 से 4 फरवरी तक बारिश समेत भारी बर्फबारी होने की आशंका जताई है।

दिल्ली की बात करें तो मौसम विभाग का मानना है कि इस पूरे सप्ताह राजधानी में बारिश नहीं होगी। लेकिन हवा की वजह से ठिठुरन बढ़ने की संभावना है। IMD ने कहा कि यहां पूरे सप्ताह मौसम साफ रहने के साथ सुबह-शाम अधिक ठंड होने की संभावना जताई गई है।

हालांकि, दिल्ली में 3 फरवरी को हल्की बारिश होने की संभावना है। आईएमडी ने कहा कि बहुत हल्की बारिश या बूंदा बांदी की संभावना के साथ आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। फरवरी की शुरूआत में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 20 और 10 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

पहाड़ों में हो रही बर्फबारी का असर पूरे उत्तर भारत में देखने को मिल रहा है। उत्तर प्रदेश कोहरा और शीत लहर की चपेट में बना दिख रहा है। हालांकि, आज राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 18 डिग्री तो वहीं न्यूनतम तापमान 20 डिग्री के रहने का अनुमान है। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में लोग धूप का आनंद उठाते दिख सकते हैं।

पंजाब में इस समय भीषण ठंड की चपेट में है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे तक सर्दी का सितम रहेगा। यही नहीं आने वाले 2-3 दिनों के दौरान पंजाब में शीत लहर चलने की भी संभावना है और कोहरा छाया रहेगा। पंजाब में आज अधिकतम तापमान 20 और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।