दिल्ली में 8.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज

राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार सुबह ठंड रही और न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से पांच डिग्री सेल्सियस कम है। मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि शहर में दिन के दौरान आंशिक रूप से बादल छाए रहने और अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

आईएमडी के बुलेटिन में बताया गया है कि सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्ष आर्द्रता 75 प्रतिशत रही।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, सुबह नौ बजे समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 179 रहा।

शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।