दिल्ली में डीडीए पार्कों की शोभा बढ़ाएंगे ट्यूलिप के फूल

राष्ट्रीय राजधानी में इस बार सर्दियों के मौसम में ट्यूलिप के फूल दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के पार्कों की शोभा बढ़ाएंगे। राजनिवास के अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के मुताबिक यह पहली बार है कि नयी दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) क्षेत्र के बाहर ट्यूलिप के फूल के पौधे लगाए जाएंगे।

अधिकारियों ने बताया कि इस सीजन में शहर में लगाए गए ट्यूलिप के पौधों की संख्या पिछले साल की 1.5 लाख से दोगुनी होगी। उपराज्यपाल वी के सक्सेना के निर्देश पर तीन लाख ट्यूलिप के पौधे – एक लाख दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के लिए और दो लाख एनडीएमसी के लिए खरीदे गए हैं।

एक अधिकारी के अनुसार पूरी दिल्ली में ट्यूलिप और अन्य फूलों के बागानों में वृद्धि राष्ट्रीय राजधानी को ‘फूलों के शहर’ में बदलने के उपराज्यपाल सक्सेना के लक्ष्य के अनुरूप है। पहली बार राजनिवास परिसर में 500 ट्यूलिप बल्ब लगाए गए हैं।