दक्षिण दिल्ली में सांड के हमले में एक व्यक्ति की मौत

दक्षिण दिल्ली के तिगड़ी इलाके में शुक्रवार सुबह एक सांड के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

उसने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि सांड एक व्यक्ति पर हमला कर रहा है। व्यक्ति की पहचान खानपुर में रहने वाले सुभाष कुमार झा (42) के रूप में हुई है।

वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि आसपास खड़े लोग सांड के हमले के दौरान झा को बचाने की कोशिश कर रहे हैं।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना पूर्वाह्ल करीब 11 बजकर 45 मिनट पर देवली मोड़ के पास हुई।

उन्होंने बताया कि झा को पास के बत्रा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चोटों के चलते वहां उनकी मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम के बाद झा का शव उनके परिवार को सौंप दिया गया।