गहरा सकता है पानी का संकट, दिल्ली के 30 लाख घरों में 3 दिन सूखने वाले हैं नल

नई दिल्ली, पश्चिमी और उत्तरी दिल्ली में रहने वाली 30 लाख आबादी को अगले कुछ दिन पानी की किल्लत का सामना करना पड़ सकता है। बता दें जलापूर्ति की ‘लाइफ-लाइन’ मानी जाने वाली मुनक नहर के सोनीपत (हरियाणा) स्थित करियर लिंक चैनल (सीएलसी) नहर के टूटने की खबर ने राजधानी के लोगों को चिंता में डाल दिया। ऐसे में दिल्ली के बड़े हिस्से में जलापूर्ति प्रभावित होने की आशंका गहरा गई है।

बता दें हरियाणा से दिल्ली यमुना का पानी लाने का मुख्य स्रोत्र है मुनक नहर और इससे दिल्ली के दो बड़े वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बवाना और हैदरपुर को पानी मिलता है। नहर से मिलने वाले पानी का कुछ हिस्सा नागलोई और द्वारका प्लांट को भी जाता है।