केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, आने वाले डेढ़ साल में 10 लाख लोगों को नौकरी देने का ऐलान

केंद्र सरकार ने देश के युवाओं के लिए बड़ा ऐलान किया है। मोदी सरकार ने बड़ी घोषणा करते हुए आने वाले डेढ़ साल में करीब 10 लाख पदों पर भर्तियां करने का फैसला किया है।

इस बात की घोषणा पीएमओ ने ट्वीट कर दी है। पीएमओ ने ट्वीट कर बताया कि पीएम मोदी ने सभी मंत्रालयों एवं विभागों में मानव संसाधन की समीक्षा की है। जिसके बाद 10 लाख भर्तियों के लिए आदेश दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेरोजगारी समाप्त करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, इन खाली पदों पर नियुक्ति के लिए मिशन मोड में काम किया जाएगा।

बता दे कि लंबे समय से केन्द्र सरकार द्वारा भर्तियों का आयोजन नहीं किया गया था। 2020 में केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने राज्यसभा में कहा था कि केंद्र सरकार के विभागों में 1 मार्च, 2020 तक 8.72 लाख पद खाली थे। उन्होंने बताया था कि केंद्र सरकार के सभी विभागों में कुल 40 लाख 4 हजार पद हैं, जिनमें से 31 लाख 32 हजार कर्मचारी हैं जबकि 8.72 लाख पदों पर भर्ती की आवश्यता है।