Tajinder Bagga Case: हरियाणा पुलिस ने भाजपा नेता Tajinder Bagga को दिल्ली पुलिस को सौंपा, पंजाब पुलिस ने किया था गिरफ्तार

दिल्ली भाजपा के नेता Tajinder Bagga को हरियाणा पुलिस ने दिल्ली पुलिस को सौंप दिया है। दिल्ली पुलिस बग्गा को अब दिल्ली लेकर जा रही है। बग्गा को पंजाब पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया था।

पंजाब साइबर सेल की टीम ने शुक्रवार सुबह यह कार्रवाई की। उनके खिलाफ मोहाली साइबर थाने में केस दर्ज है। बग्गा को मोहाली ले जा रही पंजाब पुलिस की गाड़ी को हरियाणा पुलिस ने कुरुक्षेत्र में रोक लिया था।

पंजाब पुलिस का कहना है कि उनकी टीम को अवैध तरीके से रोका गया है। इसके खिलाफ पंजाब सरकार ने हाईकोर्ट में पिटीशन दायर कर दी है। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने इसकी सुनवाई शुरू कर दी है। इसका पता चलते ही हरियाणा सरकार भी HC पहुंची है। उन्होंने भी इस मामले में जवाब देने के लिए समय मांगा है। पंजाब सरकार इसका विरोध कर रही है।

दिल्ली पुलिस ने तजिंदर बग्गा मामले में पंजाब पुलिस पर 2 केस दर्ज किए हैं। पंजाब पुलिस के वकील आरके राठौर ने बताया कि पहला केस किडनैपिंग का दर्ज किया गया है। दूसरा केस बग्गा के पिता के बयान पर मारपीट का दर्ज किया गया है। पंजाब पुलिस के DSP समेत 4 कर्मचारियों को दिल्ली पुलिस ने डिटेन किया गया है।

बग्गा पर फिल्म कश्मीर फाइल्स को लेकर दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल पर विवादित टिप्पणी करने का आरोप है। पंजाब पुलिस ने बग्गा को जांच में शामिल होने का नोटिस दिया था, लेकिन वे इसके लिए नहीं पहुंचे थे।

मोहाली के DSP सुखनाज सिंह का कहना है कि तजिंदर बग्गा को 5 बार ऑन रिकॉर्ड नोटिस भेजकर जांच जॉइन करने को कहा था। हर बार यह टाल रहे थे।