उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है और 7 अप्रैल की सुबह से ही प्रदेश के कई जिलों में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ नजर आ रहा है। नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ सहित पश्चिमी यूपी के कई इलाकों में काले घने बादल छाए हुए हैं। कई स्थानों पर तेज गरज-चमक के साथ बारिश हो रही है, जबकि कुछ इलाकों में बादलों की तेज गड़गड़ाहट लोगों को डरा रही है।
India Meteorological Department (मौसम विभाग) के अनुसार, अगले 48 घंटे पूरे प्रदेश के लिए भारी साबित हो सकते हैं। विभाग ने पश्चिमी और पूर्वी दोनों संभागों के लिए चेतावनी जारी की है। आज तेज आंधी, बारिश, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
पश्चिमी यूपी में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज आंधी के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी गई है। आगरा, मथुरा, हाथरस, अलीगढ़, कासगंज, एटा, मैनपुरी, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया और जालौन जैसे जिलों में तेज तूफान, बारिश और ओले गिरने की आशंका है। कई जगहों पर वज्रपात (बिजली गिरने) का खतरा भी बना हुआ है।
पूर्वी यूपी में येलो अलर्ट
वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, हापुड़, बागपत, शामली, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, संभल, बदायूं, फर्रुखाबाद, हरदोई, कानपुर और उन्नाव में आंधी और बारिश का असर देखने को मिल सकता है। इसके अलावा मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, लखनऊ, सीतापुर, बाराबंकी, गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती, अयोध्या, अमेठी, सुल्तानपुर, रायबरेली, प्रतापगढ़, चित्रकूट, बांदा, हमीरपुर, झांसी और ललितपुर में एक-दो स्थानों पर बारिश हो सकती है।
अगले 48 घंटे किसानों के लिए चुनौती
मौसम विभाग के अनुसार 8 अप्रैल को भी स्थिति गंभीर बनी रह सकती है। पूरे प्रदेश में गरज-चमक, आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। खासतौर पर किसानों के लिए यह समय चुनौतीपूर्ण हो सकता है, क्योंकि ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है।
तापमान में होगा उतार-चढ़ाव
मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद अचानक 6 से 8 डिग्री तक तापमान बढ़ने की संभावना है। हालांकि राहत की बात यह है कि 9 और 10 अप्रैल से बारिश का सिलसिला थम जाएगा और मौसम सामान्य होने लगेगा।

