नोएडा(Noida) फेज-2 में निजी कंपनियों के कर्मचारियों का वेतन वृद्धि को लेकर चल रहा विरोध प्रदर्शन सोमवार को अचानक उग्र रूप ले बैठा। पिछले तीन दिनों से जारी इस आंदोलन में गुस्साए श्रमिकों ने जमकर हंगामा किया। कई जगहों पर गाड़ियों और संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया गया, जिससे इलाके में यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए। प्रदर्शनकारियों ने कुछ कंपनियों में तोड़फोड़ की, जिससे माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
क्या हैं श्रमिकों की मुख्य मांगें?
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने अपनी कई अहम मांगें रखी हैं, जिनमें शामिल हैं:
- न्यूनतम वेतन को बढ़ाकर 18 से 20 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाए
- कर्मचारियों को नियमित बोनस दिया जाए
- ओवरटाइम का भुगतान डबल दर से किया जाए
- महिला कर्मचारियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए
- आठ घंटे की ड्यूटी के दौरान गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए

