Chhattisgarh Election: छत्तीसगढ़ दौरे पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, नामांकन रैली को करेंगे संबोधित

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बृहस्पतिवार को जगदलपुर और कोंडागांव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवारों की नामांकन रैली में शामिल होंगे तथा जनसभा को संबोधित करेंगे। भाजपा पदाधिकारियों ने यह जानकारी दी।

छत्तीसगढ़ में चुनाव के तारीखों की घोषणा के बाद यह दूसरी बार है जब शाह राज्य के दौरे पर हैं। इससे पहले उन्होंने 16 अक्टूबर को राजनांदगांव जिले में चुनावी रैली को संबोधित किया था। राज्य में सात और 17 नवंबर को दो चरणों में मतदान होगा।

भाजपा पदाधिकारियों ने बताया कि शाह आज बृहस्पतिवार सुबह सवा 10 बजे विशेष विमान से दिल्ली से रवाना होंगे तथा दोपहर 12 बजकर पांच मिनट पर मां दंतेश्वरी विमानतल, जगदलपुर पहुंचेंगे।

उन्होंने बताया कि शाह जगदलपुर के लालबाग मैदान में आयोजित जनसभा तथा नामांकन रैली में शामिल होंगे। जनसभा के बाद वह दोपहर पौने दो बजे हेलीकॉप्टर से कोंडागांव पहुंचेंगे।