पंजाब के गुरदासपुर में भारत-पाकिस्तान अंतर्राष्ट्रीय सीमा के पास ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मियों की बीते दिन हत्या कर दी गई थी, इस हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान ने ली थी।
जानकारी के मुताबिक आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान ने सोशल मीडिया के जरिए से हमले की जिम्मेदारी ली है. अपनी पोस्ट में आतंकी संगठन ने लिखा ‘आज 22 फरवरी 2026 को तड़के ग़ज़वा-ए-हिंद में एक और सफलता हासिल हुई, जब तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान के अल-बुर्क ब्रिगेड ने दुरंगला पुलिस स्टेशन पर हमला किया’।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त किया, उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि पंजाब सरकार शोकाकुल परिवार के साथ खड़ी है। साथ ही उन्होंने उनके परिजनों के लिए 1-1 करोड़ रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की है, ताकि परिवारों को इस अपूरणीय क्षति के बाद आर्थिक संबल मिल सके।

वहीं पंजाब पुलिस ने भी इस दुखद घटना पर दुख व्यक्त किया है उन्होंने पोस्ट करते हुए कहा कि इस घटना से पूरे पुलिस विभाग और राज्य में शोक की लहर है। दोनों जवानों ने कर्तव्यपालन करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकेगा।

पंजाब पुलिस ने कहा है कि वह इस कठिन समय में शहीद जवानों के परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। विभाग की ओर से परिजनों को हर संभव सहायता देने का भरोसा दिलाया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने शहीदों के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और कहा कि शिक्षा, रोजगार एवं अन्य कल्याणकारी सुविधाओं में भी पूरा सहयोग दिया जाएगा।
राज्य सरकार और पंजाब पुलिस ने दोहराया कि शहीद जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा और उनकी वीरता व सेवा को सदैव सम्मान के साथ याद रखा जाएगा।


