टीवी इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जिसने सभी को स्तब्ध कर दिया है। लोकप्रिय एक्ट्रेस सुभाषिनी(Subhashini) ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह कदम उन्होंने पारिवारिक विवाद के बाद उठाया। सुभाषिनी सन टीवी के चर्चित सीरियल ‘कयल’ में अहम भूमिका निभा रही थीं और उनकी अचानक मौत से इंडस्ट्री में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
पति से आखिरी बातचीत बनी विवाद की वजह
बताया जा रहा है कि घटना से पहले सुभाषिनी की अपने पति के साथ वीडियो कॉल पर बातचीत हुई थी। इस दौरान दोनों के बीच किसी पारिवारिक मुद्दे को लेकर बहस हो गई थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस विवाद के बाद वह मानसिक रूप से परेशान थीं। हालांकि, पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और अभी तक आधिकारिक तौर पर कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
चेन्नई स्थित अपार्टमेंट में हुई घटना
श्रीलंकाई मूल की सुभाषिनी चेन्नई के इयप्पनथंगल इलाके में एक अपार्टमेंट में रह रही थीं, जहां यह घटना हुई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
सबसे दुखद पहलू यह है कि सुभाषिनी का जन्मदिन बेहद करीब था। 12 अप्रैल को वह अपना बर्थडे मनाने वाली थीं, जबकि 21 अप्रैल को उनकी शादी की दूसरी सालगिरह थी। ऐसे में उनके इस तरह अचानक चले जाने से परिवार और प्रशंसक गहरे सदमे में हैं।
सोशल मीडिया पर भी थीं सक्रिय
सुभाषिनी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव थीं और इंस्टाग्राम पर उनके चार लाख से अधिक फॉलोअर्स थे। वह अक्सर अपने फैंस के साथ तस्वीरें और वीडियो साझा करती रहती थीं। मूल रूप से श्रीलंका की रहने वाली सुभाषिनी पहले बेंगलुरु में अपने पति पिप्पिन के साथ रहती थीं, लेकिन शूटिंग के चलते हाल ही में चेन्नई के पोरूर इलाके में ठहरी हुई थीं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।