Wednesday, March 4, 2026
Home Current News Delhi में ट्रिपल मर्डर करने वाला तांत्रिक गिरफ्तार, पैसों के लालच में...

Delhi में ट्रिपल मर्डर करने वाला तांत्रिक गिरफ्तार, पैसों के लालच में खिलाए जहर मिले लड्डू, हुए चौकाने वाले खुलासे 

Delhi Triple Murder Case
Advertisement

दिल्ली के पीरागढ़ी फ्लाईओवर पर खड़ी एक कार में मिले तीन शवों का मामला अब सनसनीखेज मोड़ ले चुका है। शुरुआती जांच में जिसे आत्महत्या माना जा रहा था, वह अब पुलिस जांच में सुनियोजित तिहरे हत्याकांड के रूप में सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने बुधवार, 11 फरवरी को कथित तांत्रिक कमरुद्दीन उर्फ ‘बाबा’ को गिरफ्तार कर लिया।

ऐसे हुआ खुलासा

रविवार को नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली के पीरागढ़ी फ्लाईओवर की सर्विस लेन में खड़ी एक कार के अंदर तीन लोगों के शव बरामद हुए थे। मौके से शराब की बोतलें, कोल्ड ड्रिंक, खाली गिलास, मोबाइल फोन, नकदी, हेलमेट, जैकेट और आधार कार्ड जैसे सामान मिले थे।

शवों पर किसी तरह की बाहरी चोट, गला घोंटने के निशान या संघर्ष के संकेत नहीं थे, इसलिए शुरुआत में पुलिस को आत्महत्या की आशंका थी। हालांकि, मृतकों के परिजनों ने इस थ्योरी को सिरे से खारिज कर दिया, जिसके बाद जांच की दिशा बदली।

मृतकों की हुई पहचान

तीनों मृतकों की पहचान रणधीर (76), शिव नरेश (42) और लक्ष्मी (40) के रूप में हुई है। वे नंगली डेयरी, बापरोला और जहांगीरपुरी क्षेत्र के रहने वाले थे। परिवार के लोगों का कहना था कि वे किसी भी हालत में आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकते। DCP सचिन शर्मा के अनुसार, जांच में सामने आया कि आरोपी कमरुद्दीन उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद का निवासी है और लोनी व फिरोजाबाद में तथाकथित तांत्रिक केंद्र चलाता था।

वह खुद को तांत्रिक या मौलाना बताकर लोगों को ‘धनवर्षा’ यानी अचानक धन प्राप्ति या पैसे दोगुने-तिगुने करने का लालच देता था। करीब दो महीने पहले उसकी मुलाकात लक्ष्मी से हुई थी। इसके बाद उसने शिव नरेश और रणधीर से भी संपर्क साधा। आरोपी ने तीनों को एक विशेष पूजा के नाम पर तैयार किया और उनसे दो लाख रुपये नकद, शराब और कोल्ड ड्रिंक लाने को कहा।

जहर मिले लड्डू से की हत्या

घटना वाले दिन तीनों लोनी पहुंचे, जहां कमरुद्दीन उनकी कार में आगे की सीट पर बैठ गया। पुलिस के मुताबिक, उसके पास पहले से जहर मिले लड्डू थे। उसने पूजा की रस्म का हवाला देकर शराब और कोल्ड ड्रिंक के साथ वे लड्डू तीनों को खिला दिए।

जब तीनों की हालत बिगड़ने लगी और वे बेहोश हो गए, तो आरोपी ने उनके पास रखी नकदी और कीमती सामान लूट लिया और मौके से फरार हो गया। CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसकी मौजूदगी की पुष्टि की और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया।