‘कांग्रेस नेतृत्व में जबरदस्त अहंकार’- संजय निरुपम

कांग्रेस से निष्कासित किए जाने के एक दिन बाद पूर्व सांसद संजय निरुपम ने बृहस्पतिवार को पार्टी पर निशाना साधा और दावा किया कि पार्टी के नेतृत्व में जबरदस्त अहंकार है।

संजय निरुपम ने यहां मुंबई में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस अब इतिहास बन चुकी है और उसका कोई भविष्य नहीं है।

संजय निरुपम में महाराष्ट्र में विपक्षी गठबंधन ‘महा विकास आघाडी’ पर भी तंज कसते हुए कहा कि वह (महा विकास आघाडी) तीन ‘बीमार इकाईयों’ का एक विलय है।

बता दें कि महाराष्ट्र में विपक्षी गठबंधन (एमवीए) में कांग्रेस, शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकरे (यूबीटी) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरद चंद्र पवार (राकांपा-एसपी) शामिल है।

कांग्रेस की मुंबई इकाई के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व सांसद निरुपम ने यह भी दावा किया कि जो लोग अपने राजनीतिक मृत्युलेख लिखना चाहते हैं उन्हें चार जून के बाद अपनी जमीन खिसकती हुई महसूस होगी।

आगामी लोकसभा चुनावों के लिए मतगणना चार जून को होगी।

अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी बयानों पर संज्ञान लेते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार देर रात को निरुपम के निष्कासन को तत्काल प्रभाव से मंजूरी दे दी थी।