मान सरकार ने मानी किसानों की बात, 29 अक्तूबर को होगा धरना समाप्त…

संगरूर में मुख्यमंत्री भगवंत मान के आवास के सामने किसान संगठनों का धरना 29 अक्तूबर को समाप्त होगा। यह फैसला पंजाब के कृषि मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल और भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष जोगिंदर सिंह उगराहां समेत पांच प्रमुख नेताओं की संयुक्त बैठक में लिया गया। 


पटियाला के सर्किट हाउस में हुई इस बैठक में कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल के अलावा भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष जोगिंदर सिंह उगराहां, वरिष्ठ किसान नेता जगतार सिंह कालाझार, झंडा सिंह जेठुके, शंगरा सिंह और रूप सिंह छन्ना, आईजी जतिंदर सिंह औलख, आईजी पटियाला रेंज मुखविंदर सिंह छिना, उपायुक्त संगरूर जतिंदर जोरवाल और एसएसपी संगरूर मनदीप सिंह सिद्धू भी मौजूद थे। 

जोगिंदर सिंह उगराहां ने 29 अक्तूबर को किसान संगठनों द्वारा धरना समाप्त करने की बात कही और कहा कि पहले उनकी मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ बैठक हुई, जिसमें मुख्यमंत्री ने किसानों की मांगों पर सहमति जताई और आज कृषि मंत्री कुलदीप धालीवाल और अन्य अधिकारियों के साथ इस बैठक में लिखित स्वीकृति दी गई। अब वे अपना धरना उठाएंगे।