Landslide in Mandi: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में लगातार बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया है। कोटली उपमंडल के तहत सुराड़ी पंचायत के रोपडू गांव में पहाड़ अचानक भरभराकर गिर गया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। खतरे को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 9 मकानों को खाली करवा दिया है।
पिछले 3 दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश
पिछले तीन दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण पहाड़ी कमजोर हो गई थी। इसी बीच हुए इस भूस्खलन का एक डरावना वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोगों की चीख-पुकार सुनाई दे रही है। इस हादसे में एक गौशाला पूरी तरह मलबे में दबकर नष्ट हो गई।
कटिंग और बारिश से बढ़ा खतरा
स्थानीय लोगों के मुताबिक, गांव के ऊपर से गुजर रहे हाईवे निर्माण कार्य के तहत पहाड़ी की कटिंग की जा रही थी। इसी वजह से भूस्खलन होने की आशंका जताई जा रही है। बताया गया कि इस साइट पर पहले भी भूस्खलन हो चुका है, जिसके बाद कुछ समय के लिए काम रोक दिया गया था। हालांकि, हाल के दिनों में निर्माण कार्य फिर शुरू किया गया था। लगातार बारिश के चलते पहाड़ी और अधिक कमजोर हो गई, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ।
तुरंत मौके पर पहुंचा प्रशासन
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन मौके पर पहुंच गया। सूत्रों के अनुसार, जिन 9 घरों पर खतरा मंडरा रहा था, उन्हें तुरंत खाली करवा लिया गया है। पहाड़ी पर अभी भी बड़े-बड़े पत्थर और मलबा अटका हुआ है, जिससे खतरा पूरी तरह टला नहीं है। सड़क पर गिरे बोल्डरों को हटाने के लिए पोकलेन मशीनों की मदद ली जा रही है। वहीं, प्रभावित परिवारों के लिए पंचायत घर में अस्थायी रहने की व्यवस्था की गई है। स्थानीय पूर्व प्रधान पूजा देवी ने बताया कि सभी प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
Read More:
अगले हफ्ते 4 दिन बंद रहेंगे बैंक, पहले ही निपटा लें जरूरी काम, जानें कब-कब नहीं खुलेंगी बैंक शाखाएं?

