Telangana Murder Case: तेलंगाना के संगारेड्डी जिले के जहीराबाद इलाके में एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने पुलिस की मौजूदगी में अपनी पत्नी की गला काटकर हत्या कर दी। यह वारदात उस समय हुई जब पुलिस महिला को उसके पति के साथ वापस लेकर जा रही थी।
प्रेम संबंध के शक में शुरू हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, 29 वर्षीय कविता का विवाह सिद्धारेड्डी से हुआ था और उनके तीन बच्चे हैं। जांच में सामने आया है कि कविता के पवन रेड्डी नाम के व्यक्ति से कथित संबंध थे। 27 मार्च को वह अपने घर से गायब हो गई थी, जिसके बाद पति ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। 30 मार्च को पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस की मौजूदगी में हुआ हमला
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि महिला जड़चर्ला इलाके में अपने कथित प्रेमी के साथ है। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे बरामद कर लिया और जहीराबाद वापस लाने लगी। इसी दौरान महिला का पति भी पुलिस के साथ वाहन में मौजूद था।
चाकू निकालकर पत्नी पर किया हमला
वापसी के दौरान जब गाड़ी सदाशिवपेट मंडल के नंदी कंडी इलाके के पास पहुंची, तभी सिद्धारेड्डी अचानक आपा खो बैठा। उसने चाकू निकालकर अपनी पत्नी पर हमला कर दिया और उसके गले पर वार कर दिया। यह पूरी घटना पुलिसकर्मियों के सामने चलती गाड़ी में हुई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल ले जाते वक्त हुई मौत
गंभीर रूप से घायल कविता को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और कई सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर पुलिस की मौजूदगी में हुई इस वारदात को लेकर। पुलिस ने आरोपी सिद्धारेड्डी को हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
Read More:
अब महंगी होगी हवाई यात्रा! Air India ने बढ़ाया फ्यूल सरचार्ज, टिकट में ₹26,000 तक की बढ़ोतरी

