गोवा के लिए साल 2023 रहा बेमिसाल, एससीओ सम्मेलन और जी20 बैठकों का हुआ आयोजन

गोवा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक पर्यटन स्थल के रूप में जाना जाता है, लेकिन 2023 में यहां कुछ नया हुआ और जी20 बैठकों तथा शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के विदेश मंत्रियों के सम्मेलन का आयोजन किया गया।

सात वर्ष के बाद, राज्य में अंतरराष्ट्रीय राजनीतिक कार्यक्रमों की मेजबानी की गई। 2016 में गोवा में ब्रिक्स देशों की बैठक हुई थी।

मई 2023 में दक्षिण गोवा जिले में आयोजित एससीओ सम्मेलन में पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुटटो समेत विभिन्न विदेशी अति विशिष्ट व्यक्तियों (वीवीआईपी) ने हिस्सा लिया। जम्मू-कश्मीर में पांच सैनिकों के शहीद होने के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के दरमियान भुट्टो गोवा पहुंचे थे।

एससीओ बैठक सार्थक रही और इसके बाद जी20 की सिलसिलेवार बैठकें हुईं जिनमें कई विदेशी प्रतिनिधियों ने भाग लिया। जी20 सदस्य देशों ने पर्यटन मंत्रियों की बैठक के दौरान ‘गोवा रोडमैप’ को मंजूरी दी।

अक्टूबर और नवंबर में, राज्य ने राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी की, जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया था।

राष्ट्रीय खेलों से थोड़ा पहले राज्य में वर्ल्ड बीच प्रो टूर 2023 का आयोजन किया गया। वर्ष के दौरान राज्य में राजनीतिक स्थिति स्थिर रही। कुछ उल्लेखनीय घटनाक्रमों में से एक था पीडब्ल्यूडी मंत्री नीलेश कैब्राल को हटाकर भाजपा के विधायक अलेक्सो सिकेरा को मंत्री बनाना।

कांग्रेस के आठ विधायक पिछले साल भाजपा में शामिल हुए थे, जिनकी मांग पर सिकेरा को मंत्री बनाया गया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अगस्त में गोवा की यात्रा की। अपनी तीन दिवसीय यात्रा के दौरान उन्होंने गोवा विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह को संबोधित किया।

पर्यटन क्षेत्र में, सरकार ने “गोवा बियॉन्ड बीचेस” को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

सरकार ने आंतरिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ‘होम स्टे’ और कारवां नीतियां शुरू कीं। जनता से सुझाव मिलने के बाद नीतियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।