तंजानिया की राष्ट्रपति सामिया सुलुहु हसन को डॉक्टरेट की मानद उपाधि से सम्मानित करेगा JNU

भारत की चार दिवसीय यात्रा पर आईं तंजानिया की राष्ट्रपति सामिया सुलुहू हसन को जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) मंगलवार को डॉक्टरेट की मानद उपाधि से सम्मानित करेगा। शिक्षा मंत्रालय ने यह जानकारी दी।

राष्ट्रपति हसन रविवार को चार दिवसीय यात्रा पर नयी दिल्ली पहुंचीं।

शिक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया साइट ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर कहा, ‘‘जेएनयू तंजानिया की पहली महिला राष्ट्रपति को भारत-तंजानिया के बीच संबंधों को मजबूती देने, आर्थिक कूटनीति को बढ़ावा देने और क्षेत्रीय एकीकरण तथा बहुपक्षवाद में सफलता हासिल करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के लिए डॉक्टरेट की मानद उपाधि से सम्मानित करेगा।’’

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को तंजानिया की राष्ट्रपति हसन के साथ लंबी बातचीत की, जिसमें समग्र द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित किया गया।

वार्ता से पहले, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि तंजानिया की राष्ट्रपति की यात्रा दोनों देशों के बीच संबंधों को ‘नये आयाम’ पर ले जाने का एक अवसर है।

इससे पहले दिन में हसन का राष्ट्रपति भवन के परिसर में औपचारिक स्वागत किया गया। राष्ट्रपति हसन 10 अक्टूबर को दिल्ली में एक व्यापार और निवेश मंच में भी भाग लेंगी।