अमेरिका ने खाड़ी क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा को बहाल करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। अमेरिकी सैन्य बलों ने होर्मुज जलडमरूमध्य(Strait of Hormuz) में बिछाई गई बारूदी सुरंगों को हटाने की तैयारी शुरू कर दी है, ताकि वैश्विक व्यापार और तेल आपूर्ति को सुरक्षित बनाया जा सके। इस अभियान की शुरुआत अमेरिकी नौसेना के दो अत्याधुनिक निर्देशित मिसाइल विध्वंसक-यूएसएस फ्रैंक ई. पीटरसन जूनियर और यूएसएस माइकल मर्फी-की तैनाती के साथ हुई।
दोनों जहाजों ने होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर अरब खाड़ी में अपना ऑपरेशन शुरू कर दिया है। यह पूरी कार्रवाई इस्लामी क्रांतिकारी गार्ड कोरद्वारा बिछाई गई समुद्री सुरंगों को हटाने के व्यापक मिशन का हिस्सा है।
नया सुरक्षित समुद्री मार्ग बनाने की तैयारी
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के प्रमुख ब्रैड कूपर(Brad Cooper) ने बताया कि इस ऑपरेशन के तहत एक नया सुरक्षित समुद्री मार्ग तैयार किया जा रहा है। इसे जल्द ही अंतरराष्ट्रीय शिपिंग और व्यापारिक कंपनियों के साथ साझा किया जाएगा, ताकि समुद्री यातायात बिना रुकावट जारी रह सके।
क्यों अहम है होर्मुज जलडमरूमध्य?
Strait of Hormuz दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक है। वैश्विक तेल आपूर्ति का लगभग 20% हिस्सा इसी रास्ते से गुजरता है। ऐसे में यहां किसी भी तरह का व्यवधान सीधे अंतरराष्ट्रीय बाजार और ऊर्जा कीमतों को प्रभावित करता है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के मुताबिक, आने वाले दिनों में इस मिशन में और भी संसाधन जोड़े जाएंगे, जिनमें पनडुब्बी ड्रोन और विशेष माइन काउंटरमेजर सिस्टम शामिल हैं।
इसका मकसद जलडमरूमध्य को पूरी तरह सुरक्षित बनाना है। इस सैन्य कार्रवाई के साथ-साथ कूटनीतिक स्तर पर भी कोशिशें तेज हैं। इसी दौरान JD Vance पाकिस्तान के इस्लामाबाद में ईरानी अधिकारियों के साथ वार्ता में शामिल हैं। इन बातचीतों में होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह खोलने, तेल निर्यात बहाल करने और क्षेत्रीय स्थिरता जैसे मुद्दों पर चर्चा हो रही है।