स्मृति ईरानी का राहुल गांधी पर तंज, ‘जिसे खुद सहारे की जरूरत वह दूसरों का सहारा कैसे बन सकता है’

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने अमेठी में पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के शामिल नहीं होने का दावा करते हुए कहा कि जिसे खुद सहारे की जरूरत है वो दूसरों के लिए सहारा कैसे बन सकता है।

अपने संसदीय निर्वाचन क्षेत्र अमेठी के चार दिन के दौरे पर आयीं ईरानी ने संवाददाताओं से बातचीत में राहुल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ”राहुल गांधी आज अमेठी यात्रा लेकर पहुंचे हैं। उन्होंने अमेठी को सत्ता का केंद्र तो माना मगर उसकी सेवा नहीं की। यही कारण है कि उनका स्वागत अमेठी की सूनी सड़कों ने किया है। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भी राहुल गांधी की यात्रा में हिस्सा नहीं लिया। यही वजह है कि कांग्रेस को सुलतानपुर और प्रतापगढ से कार्यकर्ता बुलाने पड़े।”

उन्होंने कहा, ”जिसे खुद सहारे की जरूरत है वह आखिर दूसरों का सहारा कैसे बन सकता है।”

ईरानी ने कांग्रेस नेतृत्व द्वारा अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शिरकत करने से इनकार किये जाने को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, ”ये वही लोग हैं जिन्होंने रामलला (अयोध्या में प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम) का निमंत्रण ठुकरा दिया था। इससे अमेठी के नागरिक व्यथित हैं। यही कारण है कि आज जब राहुल गांधी अमेठी आए हैं तो यहां के लोगों का सहयोग उन्हें नहीं मिला है।”