हरियाणा-पंजाब में भीषण ठंड, सिरसा में न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस हुआ दर्ज

हरियाणा और पंजाब में बृहस्पतिवार को भी ठंड का कहर कम नहीं हुआ और कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, 3.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सिरसा हरियाणा में सबसे ठंडा स्थान रहा।

राज्य के हिसार और फतेहाबाद में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस, अंबाला में 4.6 डिग्री सेल्सियस, भिवानी में 5.7 डिग्री सेल्सियस, करनाल में 4.4 डिग्री सेल्सियस और रोहतक में 5.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमाान दर्ज किया गया। वहीं, दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अगर बात पंजाब की करे तो यहां गुरदासपुर में कड़ाके की ठंड पड़ी, जहां न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस, पटियाला, बठिंडा और फरीदकोट में पांच डिग्री सेल्सियस, अमृतसर और लुधियाना में 5.5 डिग्री सेल्सियस और पठानकोट में छह डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।